
मंत्री ने शहरी सुरक्षा तटबंध सहित सिरनियां-सिरसियां तटबंध का किया निरीक्षण।
दरभंगा: जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने शनिवार को जिले के शहरी सुरक्षा तटबंध सहित सिरनियां-सिरसियां तटबंध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अभियंताओं को कई दिशा-निर्देश दिए। कहा कि विभागीय अभियंता तटबंध की सुरक्षा को लेकर चौकस रहे। कहीं से भी तटबंध क्षतिग्रस्त की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करें। तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी रखें। इसके बाद स्थानीय लोगों से बाढ़ और तटबंध के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद मंत्री शहरी सुरक्षा तटबंध का जायजा लेने खराजपुर पहुंचे। यहां शहरी सुरक्षा तटबंध का बारीकी से निरीक्षण किया। अभियंताओं को हर-हाल में बांध की सुरक्षा को ले नजर बनाएं रखने को कहा।
मंत्री झा ने बताया कि बाढ़ की विभीषिका के स्थायी निदान की दिशा में विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। विशेषज्ञों की राय ली गई है। कई स्थानों पर स्टील गाटर का काम किया गया है। इससे बांध पूरी तरह सुरक्षित हो
गया है। दरभंगा सहित मिथिलांचल को आने वाले कुछ समय में पूरी तरह से बाढ़ से सुरक्षित कर लिया जाएगा। तटबंधों पर ब्लैक टॉप किया जाएगा। सरकार बाढ़ पीड़ितों तक सहायता पहुंचा रही है। किसी प्रकार की कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। मिथिलांचल के प्रति मुख्यमंत्री का प्रेम जग-जाहिर है। मिथिलांचल के विकास के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

