Home Featured कर्मियों को क्षेत्र में भेजकर अनुश्रवण कराकर जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं डाटा: डीएम।
Featured - मुख्य - August 10, 2020

कर्मियों को क्षेत्र में भेजकर अनुश्रवण कराकर जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं डाटा: डीएम।

दरभंगा: समाहरणालय अवस्थित अम्बेडकर सभागार में सोमवार को डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में बाढ़ को लेकर ऑनलाइन बैठक की गई। बैठक में उन्होंने बहादुरपुर, बहेड़ी, गौड़ाबौराम एवं बिरौल के सीओ को बाढ़ प्रभावित परिवारों का डाटा जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अपने कर्मियों को क्षेत्र में भेजकर अनुश्रवण कराकर जल्द से जल्द डाटा मुख्यालय को उपलब्ध करावें। सभी सीओ को नाव परिचालन में परिवहन विभाग द्वारा निर्गत नियमावली का अनुपालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत अनुश्रवण समिति की बैठक करा लेने के निर्देश दिए तथा प्रखंड के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को भी बाढ़ राहत सामग्री के वितरण का क्रॉस जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लक्षणयुक्त इच्छुक व्यक्ति का एन्टीजन टेस्ट कराया जाए। जिला कृषि पदाधिकारी को पानी घटने के साथ ही फसल क्षति का आकलन कर लेने का निर्देश दिया गया। उन्होंने राशन कार्ड वितरण की समीक्षा की। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि 98 हजार 600 राशन कार्ड का वितरण किया जा चुका है। वितरण का कार्य लंबित नहीं है। उन्होंने नाव से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राशन का खाद्यान्न भेजवाने का निर्देश राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को दिया। जिला पशुपालन पदाधिकारी को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का भ्रमण कर सीओ से वार्ता कर वांछित पशु चारे की आपूर्ति करवाने के निर्देश दिए। ऑनलाइन बैठक में नगर आयुक्त घनश्याम मीणा, डीडीसी डॉ. कारी प्रसाद महतो, अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share