
मानवाधिकार आयोग के संज्ञान पर मामले की जांच करने पहुँचे आईजी।
दरभंगा: पुलिस महानिरीक्षक अजिताभ कुमार ने मंगलवार को एपीएम थानाक्षेत्र के मझौलिया गांव में हुई मारपीट के एक मामले की जांच की। इस दौरान उन्होंने गांव के लोगों से विस्तार से घटना की जानकारी ली। साथ ही इसके कारणों को भी पता किया। इस दौरान उन्होंने कई लोगों से बातचीत की।
बताया गया है कि गांव के ग्रामीण नागेंद्र चौधरी के साथ जमीन को लेकर भाईयों से विवाद हुआ था। इसमें मारपीट हुई थी। चोट भी लगी थी। पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं होने के बाद उन्होंने मनवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया था। आवेदन का संज्ञान लेते हुए आयोग ने तत्कालीन पुलिस उप महानिरीक्षक क्षत्रनील को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा। उन्होंने इस मामले की जांच रिपोर्ट आयोग को दी। लेकिन, जैसे ही जांच की प्रति पीड़ित पक्ष को मिली इस ओर से दोबारा आयोग में शिकायत करते हुए जांच रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं होने की बात कही गई। इसमें जांच में गड़बड़ियों को भी रेखांकित किया गया। दूसरे आवेदन पर आयोग ने फिर संज्ञान लिया है। मिथिला क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक से जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
उपरोक्त आलोक में मंगलवार को आइजी अजिताभ कुमार ने पूरे मामले की विस्तार से जांच की। जांच से जुड़ी बातों को गोपनीय रखा गया है।
आईजी अजिताभ कुमार ने गांव के नागेंद्र चौधरी के द्वारा तत्कालीन पुलिस उप महानिरीक्षक पर लगाए गए आरोप की जांच की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय सरपंच ममता देवी, सरपंच पति पुण्यानंद झा, भूतपूर्व मुखिया सच्चिदानंद झा उर्फ गुड़कुन बाबा, पूर्व सरपंच प्रवीण कुमार चौधरी समेत कई ग्रामीणों से लंबी पूछताछ की।

