
आइसोलेशन में रह रहे कोरोना मरीजों से बात करके जिलाधिकारी ने जाना हाल।
दरभंगा: जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बुधवार को कोरोना संक्रमित मरीजों से स्वयं बात की। आइसोलेशन में रहने के दौरान उनके साथ हो रहे व्यवहार समेत अन्य कई मुद्दों पर जानकारी लेने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए।
वे बुधवार को नोवल कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण की रोकथाम एवं इलाज के लिए चिकित्सीय परामर्श, जांच व होम आइसोलेशन में रह रहे व्यक्तियों की लगातार निगरानी के लिए सिविल सर्जन कार्यालय में स्थापित जिला कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर रहे थे।
इस दौरान कंट्रोल रूम में प्रतिनियुक्त चिकित्सकों एवं कर्मियों को कंट्रोल रूम के कुशल संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने स्वयं होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को फोन लगाया और बातचीत की। जाना कि उन्हें मेडिकल किट्स
मिला या नहीं। स्वयं एवं परिवार में किसी को कोई परेशानी एवं प्रशासन की तरफ से किसी प्रकार की सुविधा की जरूरत के बारे में भी जाना।
बातचीत के बाद जिलाधिकारी ने होम आइसोलेशन में रह रहे व्यक्तियों की प्रतिदिन की स्थिति जान उन्हें आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को प्रखंडों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मदद भेजने का भी निर्देश दिया। साथ ही जिला कंट्रोल रूम के नोडल पदाधिकारी राहुल कुमार को इस संबंध में प्रतिदिन एक दैनिक प्रतिवेदन भेजने को कहा।
उन्होंने इस कार्य को महत्वपूर्ण बताते हुए कंट्रोल रूम में कर्मियों की संख्या बढ़ाने का निर्देश डीपीएम व डीएचएम को दिया। साथ ही सिविल सर्जन कार्यालय का भी निरीक्षण करते हुए सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश दिए।

