
गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र का विगत पांच वर्षों में हुआ अभूतपूर्व विकास: मदन सहनी।
दरभंगा: सिसौनी-शंकर लोहार जीर्ण-शीर्ण सड़क बुधवार को का कार्यारंभ होते ही क्षेत्र के लोगों के निराश व मुरझाए चेहरे पर मुस्कान छा गई। पड़री सती स्थान परिसर में स्थानीय विधायक व खाद्य आपूर्ति सह उपभोक्ता संरक्षण मंत्री ने नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य का कार्यारंभ किया।
मंत्री श्री सहनी ने विगत पांच वर्षों के कार्यों की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र का विगत पांच वर्षों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। सड़कों का जहां जाल बिछा है, वहीं करोड़ों की पुल-पुलिया का निर्माण हुआ है। इसमें सबसे अधिक मेहनत सिसौनी-शंकर लोहार सड़क में करनी पड़ी है। उक्त सड़क का निर्माण चुनौती बनी हुई थी। तीन वर्षो की खून-पसीना एक कर की गयी मेहनत कामयाब हुई है। 76 करोड़ की लागत से 22 किमी सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो जाएगा। इसके निर्माण के लिए असम के संवेदक बहुत जल्द काम शुरू करेंगे। इससे पूर्व उक्त सड़क का तीसरी बार टेंडर होने के बाद भी अटकलें लगती रही लेकिन सभी अटकलों को दूर करते हुए निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि 16 अगस्त को 25 करोड़ की लागत से 50 बेड के अनुमंडल अस्पताल एवं 30 बेड के बगरासी में बनने वाले अस्पताल का शिलान्यास करने जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 22 करोड़ की लागत से अनुमंडल कार्यालय भवन की स्वीकृति मिल गई है। निबंधन कार्यालय की स्वीकृति दिलाकर तीन दिन पूर्व मुख्यमंत्री से उद्घाटन कराया गया है। इस दौरान उन्होंने राजग के कार्यकाल के 15 वर्ष पूर्व की सड़क की स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार ने चिकनी सड़क बनाने का भरोसा दिलाकर सड़क को खाई में तब्दील कर दिया था, लेकिन नीतीश कुमार की सरकार आते ही सड़कों का जाल बिछने के साथ सर्वांगीण विकास हुआ है। गौड़ाबौराम में ग्रामीण कार्य विभाग से 160 सड़कों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री क्षेत्रीय विकास
निधि से 96 सड़क,130 सोलर, 12 सामुदायिक भवन, 13 घाट, पांच चबूतरा व पांच सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। आजादी के बाद पहली बार पथ निर्माण विभाग से शंकर लोहार-सिसौनी एवं सुपौल बस स्टैंड से बौराम तक निर्माण कार्य आरंभ हुआ है। इससे लोगों को सुंदर व चौड़ी सड़क का लाभ मिलेगा।

