
हर गांव में होना चाहिए आधुनिक सुविधाओं से लैस पुस्तकालय: शंकर झा।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शंकर झा ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बहादुरपुर के सिनुआर गोपाल में समाज सुधार पुस्तकालय का उदघाटन किया। साथ ही अपनी तरफ से पुस्तकालय में कंप्यूटर एवं इंटरनेट की सुविधा देने की घोषणा की। उपस्थित मेधावी छात्रों को अपने हाथों से मेडल प्रदान कर शंकर झा ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की।
इस अवसर श्री झा ने कहा कि उनकी इच्छा है कि मिथिलांचल के हर गांव में एक पुस्तकालय हो। साथ ही पुस्तकालय में कंप्यूटर एवं इंटरनेट आदि की हाईटेक व्यवस्था भी हो ताकि गांव के बच्चों को शुरू से ही तकनीकी ज्ञान मिल सके। यदि शुरुआती समय मे ही कंप्यूटर का ज्ञान बच्चों को मिलेगा तो आगे चलकर काम आदि मिलने में आसानी होगी। साथ ही तकनीकी शिक्षा से स्किल डेवलपमेंट होगा तो स्वरोजगार भी अच्छा कर सकते हैं।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता अशोक कुमार झा ने शंकर झा का धन्यवाद करते हुए कहा कि पुस्तकालय केलिए इनका योगदान सराहनीय है। पुस्तकालय सार्वजनिक संपत्ति है और सबकी सामूहिक जिम्मेवारी है कि इसका सही ढंग से संचालन हो पाये ताकि गांव के बच्चों को इसका सही लाभ मिल सके। इसके लिए शंकर झा की तरह समाज के प्रबुद्ध लोगो को आगे आना चाहिए।

