
माले ने मनाया विरोध दिवस, पीड़ितों को न्याय देने की मांग।
दरभंगा: भाकपा-माले जिला व्यापी विरोध दिवस के आह्वान पर जिले में माले कार्यकर्ता ने जगह-जगह विरोध दिवस मनाया. इस दौरान आंदोलनकारियों ने जाले में रजौन बलात्कारी को स्पीड ट्रायल कर सजा दिलाने, पुलिस की एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ इंसाफ दिलाने की आवाज बुलंद करने वाले ग्रामीण को झूठे मुकदमे में फसाना बन्द करने, दबंगों-साम्प्रदायिक जहर घोलने वाले को गिरफ्तार करने सहित अन्य मांग के समर्थन में एक दिवसीय धरना देते हुए अपनी आवाज को बुलंद किया.
मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म
माले नेता ललन पासवान ने कहा कि 3 अगस्त को ढाई साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ. जब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सभ्य समाज के लोग सड़क पर आते हैं, तो उसकी गिरफ्तारी करने के बदले प्रशासन न्याय मांगने वाले पर ही दमन करते हैं. गिरफ्तार कर के जेल भेज देते हैं.
साजिशकर्ता को प्रशासनिक सुरक्षा
इस पूरे मामले पर भाजपा के जाले विधायक चुप्पी साध लेते हैं. जनता ने आने वाले चुनाव में इसका हिसाब लेने की तैयारी कर ली है. वहीं माले जिला कमिटी सदस्य देवेन्द्र कुमार ने कहा कि जाले में लगातार दंगों की साजिश रची जा रही है.
स्थानीय अमनपसंद नागरिक और प्रशासन की सक्रियता से साजिशकर्ता के मंसूबे विफल हो जाते हैं. लेकिन डबल इंजन सरकार के दबाव में साजिशकर्ता को प्रशासनिक सुरक्षा मिल रहा है.
गांव-गांव में जन अभियान
देवेन्द्र कुमार ने कहा कि मासूम के साथ हुए दुष्कर्म मामले में स्थानीय भाजपा विधायक की चुप्पी आरोपी का पक्ष लेने का ही सबूत देती है. इसके खिलाफ भाकपा-माले जन अभियान गांव-गांव में तेज कर अमन पसंद को संगठित करेगा.

