
कोरोना इफेक्ट: न निकलेगा मुहर्रम का जुलूस और न ही सार्वजनिक स्थल पर होगी गणेश मूर्ति की स्थापना।
दरभंगा: कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सूबे में अनलॉक थ्री लगाया गया है, जो 6 सितंबर तक प्रभावी रहेगा। इसका असर धार्मिक आयोजनों पर भी लागू रहेगा। इस बीच पड़ने वाले मुहर्रम में ना तो तजिया मिलान होगा, ना ही अखाड़े शस्त्र का प्रदर्शन कर पाएंगे और ना ही गणेश चतुर्थी को ले सार्वजनिक स्थानों पर मूर्ति की स्थापना होगी। उक्त बातें बुधवार को राज्य के मुख्य सचिव दीपक कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेसिग के दौरान कहीं। कहा- कहीं भी सार्वजनिक स्थान पर ताजिया नहीं रखा जाएगा। ताजिया के ऊपर चढ़ाये जाने वाले फूल या चढ़ावा को एक जगह एकत्रित कर गाड़ी से कर्बला पर ले जाकर चढ़ाया जाएगा। इस दौरान इमामबाड़े की साफ-सफाई होगी। किसी भी अखाड़े को लाइसेंस निर्गत नहीं किया जाएगा। डीजे बजाने पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। इसको लेकर बिहार राज्य सिया वक्फ बोर्ड एवं बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड से बातचीत कर इसपर सहमति भी बन गई है। इस आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाए और इसके लिए पूर्व में ही थाना, अनुमंडल एवं जिला स्तर पर शांति समिति और पूजा समिति की बैठक कर ली जाए। साथ ही दोनों समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत भी कर ली जाए। अफवाह फैलाने वालों खासकर सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जाए। यदि कोई अफवाह फैलाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान सूबे के पुलिस महानिरीक्षक गुप्तेश्वर पांडेय, अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी व आइजी नैयर हसनैन खान ने भी पदाधिकारियों को कई निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े ने मुख्य सचिव को कहा कि दिए गए आदेश स्पष्ट है और इसे पूरी संवेदनशीलता के साथ लागू कराया जाएगा। मौके पर आइजी अजिताभ कुमार, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक बाबू राम, सिटी एसपी योगेंद्र कुमार, सिविल सर्जन संजीव कुमार सिन्हा आदि मौजूद थे।

