
अनलॉक थ्री के दौरान अब शनिवार और रविवार को बंद रहेगी दुकानें।
दरभंगा: जिले में अनलॉक थ्री के दौरान अब शनिवार और रविवार को दुकानें बंद रहेगी। सभी दुकानें तथा व्यवसायिक प्रतिष्ठान सोमवार से शुक्रवार तक 10 से शाम 6 बजे तक खुलेंगे। दवा, अस्पताल, दूध की दुकानें, पेट्रोल पंप, होटल एवं रेस्टूरेंट आदि अत्यावश्यक प्रतिष्ठानों एवं सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानें शनिवार एवं रविवार को बंद रहेंगी। दुकानदार एवं कर्मी मास्क पहनेंगे एवं मास्क पहनकर आनेवाले ग्राहकों को ही दुकान में प्रवेश करने देंगे। दुकानदार अपने ग्राहकों से भी फिजिकल डिस्टेंसिग का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे। वहीं, सब्जी एवं फल की दुकानें प्रतिदिन सुबह 6 से 10 बजे तक खुली रहेगी। रेस्टूरेंट, ढावा और भोजनालयों से होम डिलवरी की अनुमति है। यह दिशा-निर्देश 6 सितंबर तक जिले में लागू रहेगा। संबंधित पदाधिकारी, परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना अध्यक्ष उपरोक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे। वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक को इस आदेश का अनुपालन अपने स्तर से भी निर्देशित करेंगे ।
कंटेनमेंट जोन में अति आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार की गतिविधियां प्रतिबंधित रहेगी। गृह विभाग, बिहार से प्राप्त दिशा निर्देश के आलोक में कंटेनमेंट जोन के बाहर भारत सरकार एवं बिहार सरकार के कार्यालय अपने स्वीकृत बल के 50 फीसद कर्मियों के साथ काम करेंगे। वहीं, रक्षा, केंद्रीय सशस्त्र बल, कोषागार, पैट्रोलियम, एलपीजी, आपदा प्रबंधन, ऊर्जा उत्पादन एवं ट्रांसमिशन इकाई, डाकघर, एनआईसी पूरी तरह से कार्य करते रहेगे। इसके अलावा राज्य सरकार के उपक्रम यथा पुलिस,गृह रक्षा वाहिनी, सिविल डिफेंस,अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन एवं कारा पूरी तरह से कार्यरत रहेंगे। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन एवं कोषागार, सूचना तकनीक सेवाएं एवं बेल्ट्रॉन द्वारा समर्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिग सेवा, विद्युत, जलापूर्ति, स्वच्छता स्वास्थ्य,आपूर्ति, जल संसाधन, कृषि, पशुपालन, नगर निकाय, वन एवं पर्यावरण विभाग आदि कार्यरत रहेंगे। निजी कार्यालयों में 50 फीसद कर्मियों की उपस्थिति रहेगी। शॉपिग मॉल नहीं खुलेंगे।

