
विधानसभा चुनाव को लेकर गश्ती दंडाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण।
दरभंगा: विधान सभा चुनाव स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए डीएमसीएच के सभागार में दो पालियों में गश्ती दल के दंडाधिकारियों काे पुलिस पदाधिकारियाें ने प्रशिक्षण दिया। मास्टर ट्रेनर ने इन्हें निर्वाचन से संबंधित कर्तव्यों को समझाते हुए ईवीएम की पूरी जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि उनकी ड्यूटी मतदान के एक दिन पूर्व प्रारंभ हो जाएगी। उन्हें वज्रगृह से ईवीएम प्राप्त करके आवंटित मतदान केंद्रों तक पहुंचाना है। इसलिए उनकी ड्यूटी काफी संवेदनशील है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवी.एम लेकर जाने वाला कोई भी वाहन किसी थाना, किसी ढाबा व किसी भी सार्वजनिक स्थल पर नहीं रुकेगा। मतदान केंद्रों को ईवीएम उपलब्ध कराने के बाद दिनभर विधि व्यवस्था की स्थिति शांतिपूर्ण बनाए रखना है। मतदान के बाद पुनः ईवीएम सुरक्षित वापस लाकर वज्रगृह में जमा करना है।

