
डबल इंजन की सरकार को बदलने की जरूरत : भूपेश बघेल।
दरभंगा: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जाले के डिग्री कॉलेज मैदान में महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी मकशूर अहमद उस्मानी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार की डबल इंंजन सरकार 15 वर्ष पुरानी हो गई है, जिसे बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अब नीतीश कुमार को रिटायरमेंट लेना चाहिए और युवाओं को बिहार का बागडोर सौंपा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने राजग के अंदर चल रहे गतिविधि को उजागर करते हुए कहा कि भाजपा ने नीतीश कुमार के चेहरे को पोस्टर बैनर से हटा दिया है। वहीं चिराग पासवान को जदयू के उम्मीदवार को हराने को लगा दिया है, लेकिन उन्हें थोड़ा भी एहसास नहीं है। उन्होंने कहा कि आज बिहार में धान बेचने को किसान दर-दर भटक रहे हैं। 600 से 1000 रूपया में उनकी उपज लेने वाला नहीं है। वहीं हमारी छत्तीसगढ़ की सरकार 2500 रूपये क्विंटल धान खरीद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मै भगवान राम की मां कौशल्या की धरती से आता हूं। भाजपा वाले मां सीता के धरती पर जय श्री राम नारा लगा कर लोगों को असली मुद्दा से भटका रहे हैं, ये लोग सीताराम का जयकारा नहीं लगाते। हमारे प्रदेश में जय राम जी की व जय सिया राम बोला जाता है। उन्होंने कहा कि हमने बिहारी समाज की स्मिता की रक्षा की है।
बिहार का पवित्र छठ पर्व पर हमने सरकारी छुट्टी दे रखी है। उन्होंने कांगे्रस प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीताराम चौधरी की अध्यक्षता में हुए सभा को संबोधित करते हुए पंजाब के वित्त मंत्री हरप्रीत सिंह बादल ने कहा कि पंजाब से ज्यादा जरखेज धरती बिहार की है, लेकिन संसाधन के अभाव में बिहारी लोग पंजाब पलायन करते हैं। बिहारी ताकत से आज हमारा पंजाब समृद्ध एवं शक्तिशाली प्रदेश है।
उन्होंने कहा कि यहां के कुछ नेता जानबूझ कर बिहार को गरीब बना कर रखा है। आप युवाओं को राज्य का बागडोर सौंपे आपकी तकदीर बदल जायेगी। इस मौके पर कांग्रेस उम्मीदवार मशकूर अहमद उस्मानी, शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष भूषण आजाद ने किया।

