
गौपालकों ने धूमधाम से मनायी गोवर्धन पूजा।
दरभंगा: दीवाली के अगले दिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा धूमधाम से मनायी गयी। इस अवसर पर गौपालकों ने गोवर्धन पूजा के दिन भगवान कृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा की। गोवर्धन पूजा के दिन 56 या 108 तरह के पकवानों का श्रीकृष्ण को भोग लगाना शुभ माना जाता है।
सिनुआरा के जाने माने किसान कृष्णकांत चौधरी सुबह से अपने दो पुत्रों के साथ गायों को नहलाने धुलाने में व्यस्त नजर आये। गोवर्धन पूजा के सम्बंध में जानकारी देते हुए श्री चौधरी ने बताया कि ऐसी मान्यता यह है कि ब्रजवासियों की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी दिव्य शक्ति से विशाल गोवर्धन पर्वत को छोटी उंगली में उठाकर हजारों जीव-जतुंओं और इंसानी जिंदगियों को भगवान इंद्र के कोप से बचाया था। श्रीकृष्ण ने इन्द्र के घमंड को चूर-चूर कर गोवर्धन पर्वत की पूजा की थी। इस दिन लोग अपने घरों में गाय के गोबर से गोवर्धन बनाते हैं। कुछ लोग गाय के गोबर से गोवर्धन का पर्वत मनाकर उसे पूजते हैं तो कुछ गाय के गोबर से गोवर्धन भगवान को जमीन पर बनाते हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसा माना जाता है कि इस दिन विधि विधान से सच्चे दिल से गोवर्धन भगवान की पूजा करने से सालभर भगवान श्री कृष्ण की कृपा बनी रहती है।

