
टीकापट्टी-देकुली में डीएम ने डीडीसी के साथ पहुँच कर की नल-जल योजना की जांच।
दरभंगा: जिलाधिकारी डॉ0 त्यागराजन एसएम ने उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया के साथ बहादुरपुर प्रखंड के टीकापट्टी-देकुली पंचायत के वार्ड संख्या 11, 12, 13, 9 एवं 15 में कार्यरत नल जल योजना का निरीक्षण कर जाँच की। वार्ड नंबर 11, 12 एवं 13 में कार्य पूर्ण पाया गया तथा वार्ड के लोगों को जलापूर्ति होते पायी गयी। वार्ड नंबर 9 एवं 15 में कार्य अपूर्ण पाया गया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी, बहादुरपुर प्रदीप कुमार झा को पंचायत में कैंप करके दो दिनों के अंदर अधूरे कार्य को पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निदेशित करते हुए कहा कि प्रखंड के सभी योजनाओं के एमबी (मापी पुस्त) की जांच कर ली जाए यदि किसी ने अधिक राशि ले ली है, तो उसे जमा कराया जाए यदि राशि लेकर काम पूर्ण नहीं कराया गया है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी जाए। इस अवसर पर टीकापट्टी-देकुली पंचायत के मुखिया गोपाल कुमार ठाकुर, पंचायत सचिव जितेंद्र सहनी एवं संबंधित वार्डों के वार्ड सदस्य, वार्ड सचिव उपस्थित थे।

