
देर रात बाइक सवार अपराधियों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे युवक को गोली मार मौत के घाट उतारा।
देखिये वीडियो भी।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: तमाम सुशासन के दावे के वाबजूद अपराधियों का हौसला टूटता नजर नही आ रहा है। ताजा मामले में जिले के फेकला ओपी क्षेत्र के गोरघट्टा गांव में रविवार की देर रात बाइक सवार अपराधियों ने एक व्यवसायी को गोली मार मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश गंज चौक की ओर फरार हो गए। घटना के पीछे लूट और पुरानी दुश्मनी की बात सामने आई है। बताया जाता है कि गोरघट्टा निवासी रामसेवक यादव का 40 वर्षीय पुत्र महेश यादव गंज चौक स्थित अपनी दुकान बंदकर साइकिल से घर जा रहा था। घर से कुछ दूर पहले ही बगीचे के पास बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से ओवरटेक कर घेर लिया। घेरने के साथ एक गोली सीने और दूसरी गोली पांजर में मार दी। गंभीर स्थिति में घायल महेश को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया।
घटना के सम्बंध में वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई जानकारी में पांच लोगों पर पुरानी दुश्मनी के तहत गोली मारकर महेश की हत्या कर देने का आरोप लगाया है। घटना को अंजाम देनेवाले दो लोगों में एक की पहचान करने की बात भी कही। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपित ललन यादव को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि घटना को लेकर पांच लोगों को आरोपित किया गया है। फरार आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस हर पहलुओं पर जांच कर रही है। दोनो पक्षो में पूर्व में भी मारपीट एवं केस मुकदमा चलने की बात सामने आयी है।
इधर पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को शव सौंप दिया गया है। गांव में पुलिस की तैनाती की गई है। पांच लोगों को आरोपित किया गया है। इसमें गांव के ललन यादव, रमानंद यादव, मनीष यादव, वैद्यनाथ यादव और अमरनाथ यादव शामिल हैं।

