
कई सालों से ओवरब्रिज मामले में मिल रहा जवाब फिर सांसद ने दुहराया- बन रहा है डीपीआर!
दरभंगा: दरभंगा शहर के प्रस्तावित ओवरब्रिजों की कहानी में पिछले कई वर्षों से जनप्रतिनिधियों की जुबानी एक ही कहानी जनता को सुनने को मिल रही है। कोई भी बैठक हो, सवाल करने पर हरबार डीपीआर बन रहा है, यही जवाब मिलता है।
बुधवार को पुनः रेल महाप्रबन्धक से मीटिंग के बाद दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर ने भी ओवरब्रिजों के कार्य प्रगति में सम्बन्ध में डीपीआर निर्माण कार्य चलने की जानकारी दी है।
बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सांसद सह रेल मंत्रालय में संसदीय समिति के सदस्य डॉ0 गोपालजी ठाकुर ने आज दरभंगा से लेकर मिथिला के कई क्षेत्रों में रेल से जुड़ी समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी के साथ बैठक कर इसके निदान की चर्चा की। बैठक की जानकारी देते हुए सांसद ने कहा कि उन्होंने दरभंगा के सभी दस रेलवे ओवर ब्रिज, दरभंगा-लहेरियासराय के बीच फाटक संख्या 21 चट्टी गुमती, 25 दोनार गुमती, 26 म्यूजियम गुमती, लहेरियासराय-थलवारा के बीच फाटक संख्या 18, पंडासराय गुमती, दरभंगा-काकरघाटी के बीच फाटक संख्या 28, कंगवा गुमती, काकरघाटी-तारसराय के बीच फाटक संख्या 32, बिजुली गुमती, फाटक संख्या 39, सकरी यार्ड, दरभंगा-मोहम्मदपुर के बीच फाटक संख्या 1, बेला गुमती 2, दिल्ली मोड़, 10 कमतौल का निर्माण शीघ्र होगा। उन्होंने कहा कि 25 दोनार गुमती और 10 कमतौल गुमती का निर्माण बीएसआरडीसीएल द्वारा होना है तथा बाकी बचे सभी 8 आरओबी का निर्माण बीआरपीएनएनएल द्वारा होना है और इन सभी 8 आरओबी का डीपीआर प्रगति पर है। सांसद ने बैठक में कोशी रेल महासेतु का नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने, अयोध्या से जनकपुर, जयनगर से जनकपुर एवं रक्सौल से काठमांडू सीधी रेल सेवा बहाल करने, दरभंगा से सहरसा भाया झंझारपुर ट्रेन चलाने और राजधानी की तर्ज पर दरभंगा से दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन चलाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि दरभंगा सकरी बाईपास, दरभंगा-सीतामढ़ी दोहरीकरण, दरभंगा-समस्तीपुर दोहरीकरण को पूर्ण करने सहित नई रेल लाइन कुशेश्वरस्थान से सहरसा, कुशेश्वरस्थान से खगड़िया की दिशा में तेज गति से कार्य करने के लिए कहा ताकि करोड़ो लोगों को आसान व सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिले। सांसद ने कहा कि मिथिला क्षेत्र के सभी स्टेशनों पर मिथिला क्षेत्र की प्रमुख उपज मखाना की बिक्री, दरभंगा यार्ड की रिमॉडलिंग, लहेरियासराय स्टेशन को आदर्श स्टेशन बनाने, दरभंगा और लहेरियासराय स्टेशन का सौदर्यीकरण करने सहित अन्य विषयों की चर्चा बैठक में हुई। उन्होंने कहा कि दरभंगा वासियों को जल समस्या से निदान हेतु पंडासराय गुमती से कंगवा गुमती तक नाला निर्माण करवाने की दिशा में त्वरित करवाई करने के लिए कहा। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल में अद्भुत परिवर्तन दिखा है। आधुनिकीकरण, विद्युतीकरण, दोहरीकरण एवं डिजिटलाइजेशन के माध्यम से रेलवे का कायाकल्प हुआ है। उन्होंने मिथिला पेंटिंग को बढ़ावा देने हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री पीयूष गोयल, पूर्व मध्य रेलवे महाप्रबंधक सहित अन्य पदाधिकारियों को साधुवाद दिया।

