Home Featured भारतमाला योजना के तहत बनेगा औरंगाबाद-दरभंगा पथ
Featured - मुख्य - December 31, 2020

भारतमाला योजना के तहत बनेगा औरंगाबाद-दरभंगा पथ

दरभंगा: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एवं राष्ट्रीय राजमार्ग(एनएच) के द्वारा दरभंगा जिला में बनवाए जा रहे सड़कों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित की गयी।

बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, मुजफ्फरपुर प्रमंडल के प्रबंध निदेशक रामप्रीत पासवान ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा NH-2 को एनएच-57 से जोड़ने के लिए भारतमाला परियोजना के अंतर्गत इंटर कॉरिडोर बनाया जा रहा है।

इसके अंतर्गत आमस से – गया -जहानाबाद-नालंदा-पटना – वैशाली-समस्तीपुर होते हुए दरभंगा तक सड़क बनायी जा रही है, जिसकी कुल लंबाई 209 किलोमीटर है।

इस परियोजना में चार पैकेज हैं। पैकेज नंबर- 04 मुजफ्फरपुर प्रमंडल देख रहा है, जिसमें समस्तीपुर जिले में पड़ने वाले सड़क का कुछ हिस्सा तथा दरभंगा जिला का पूर्ण हिस्सा शामिल है, इसकी लंबाई 44.10 किलोमीटर है। इसमें दरभंगा जिला के 32 गांव एवं समस्तीपुर जिला के 28 गांव शामिल हैं।

दरभंगा में यह आईटीआई, रामनगर (सिरीनिया) से प्रवेश करते हुए आमाडीह- तारालाही- बलभद्रपुर- बाजीतपुर- गेहूंमी होते हुए बेला-नवादा में एनएच- 57 से मिलेगी।

इसके लिए भू अर्जन की कार्रवाई की जानी है। बहरहाल 3A की कार्रवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी ने जिला भू- अर्जन पदाधिकारी,दरभंगा अजय कुमार को तीव्र गति से भू अर्जन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 10 जनवरी 2021 तक अधियाचना का विवरण को भूमिराशि पोर्टल पर अपलोड करा दिया जाए।

जिला भू अर्जन पदाधिकारी,दरभंगा ने बताया कि 16 मौजा की खेसरा पंजी तैयार हो गया है। शेष मौजा का खेसरा पंजी तीव्र गति से तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इसमें चार अंचल के मौजा शामिल हैं, जिनमें अधिकतर मौजा बहादुरपुर से सम्बद्ध है।

उल्लेखनीय है कि भारतमाला योजना के तहत बिहार में 1432 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया जाना है। इस योजना के तहत मोहनियां-आरा और रजौली-बख्तियारपुर सड़क के साथ-साथ इंटर कॉरिडोर के तहत औरंगाबाद-दरभंगा, सासाराम-पटना, पटना-हाजीपुर-मुजफ्फरपुर, अन्य फीडर सड़कों में सोनवर्षा-रक्सौल, मुजफ्फरपुर-बेगूसराय-पटना साहिब, मुजफ्फरपुर-साहेबगंज, छपरा-पटना, चकिया-बैरगिनिया, अररिया-सुपौल आदि सड़कों का निर्माण होना है।

राष्ट्रीय राजमार्ग, जयनगर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि दरभंगा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत 527E दरभंगा-रोसड़ा पथ पर काम किया जाना है। फिलहाल 3a की कार्रवाई की जा रही है, जिसमें अंचल एवं मौजा का नाम अधिसूचित होना है।

उन्होंने कहा कि यह सड़क आईटीआई, रामनगर से शुरू होकर दरभंगा- बहेड़ी- शिवाजीनगर- रोसड़ा पथ के पश्चिमी से होते हुए निकल रही है यह सड़क बिल्कुल नयी है।

जिलाधिकारी ने भू अर्जन की कार्रवाई के लिए 3A की कार्रवाई जल्द कराने के निर्देश दिए।

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग, जयनगर प्रमंडल के अंतर्गत दरभंगा- समस्तीपुर वर्तमान सड़क की चौड़ीकरण का कार्य, दरभंगा- जयनगर पथ में चार लेन की सड़क निर्माण का कार्य, जिसमें केवटी में बाईपास दिया जा रहा है एवं चौथी सड़क मुसरीघरारी- समस्तीपुर पथ है। कुल चार सड़के राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) द्वारा बनाई जानी है।

बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल), समस्तीपुर प्रमंडल के उप महाप्रबंधक एवं प्रबंधक द्वारा बताया गया कि उनके अंतर्गत वरुणा पुल- रसियारी पथ (SH-88) में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य किया जाना है।

अगले सप्ताह से दरभंगा में काम शुरू हो जाएगा। वर्तमान में समस्तीपुर में काम चल रहा है। इस परियोजना में आशापुर के पास बाईपास बनाया जाना है।

जिला भू- अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि SH-88 पथ वरुणा पुल-रसियारी पथ में चौड़ीकरण कार्य के अंतर्गत कुल 26 मौजा में भू -अर्जन किया जाना था, जिनमें से 24 मौजा का भू- अर्जन कर एनएच को हस्तगत कराया जा चुका है। शेष 2 मौजा का भू अर्जन किया जा रहा है, जिसे जल्द ही एनएच को हस्तगत करा दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने इस पथ में अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने को लेकर असंतोष जाहिर की तथा शीघ्र ही इस पथ में बिहार राज्य पथ विकास निगम, समस्तीपुर प्रमंडल के उप महाप्रबंधक को कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

बैठक में उप निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता एवं पथ निर्माण से संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

Share