Home Featured ओवरब्रिज की मांग को लेकर एमएसयू ने किया प्रदर्शन।
Featured - मुख्य - March 17, 2021

ओवरब्रिज की मांग को लेकर एमएसयू ने किया प्रदर्शन।

दरभंगा: लहेरियासराय रेलवे स्टेशन के उत्तरी भाग स्थित रेलवे गुमटी पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर मिथिला स्टूडेंट यूनियन के जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार झा के नेतृत्व में बुधवार को बम्बईया चौक से यूनियन के सदस्यों ने हाथों में कालीपट्टी बांध लहेरियासराय टावर तक विरोध प्रदर्शन किया।

जिला अध्यक्ष श्री झा ने कलेक्ट्रेट के प्रवेश द्वार पर यूनियन के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और सरकार की उदासीनता के कारण आज तक लहेरियासराय में ओवरब्रिज का निर्माण नहीं हो सका। पिछले 20 वर्षों से लहेरियासराय गुमती को सत्ता पक्ष के नेताओं द्वारा चुनावी मुद्दा बनाया गया।

चुनाव बीत जाने के बाद इस मुद्दे को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि दैनिक महाजाम के कारण आम लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गुमती जाम की वजह से कई मरीजों की मौत एम्बुलेंस में ही हो जाती है। कई छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्र पर ससमय नहीं पहुंच पाते हैं।

लोग समय से कार्यालय नहीं जा पाते हैं। उन्होंने कहा कि मिथिला स्टूडेंट यूनियन की मांग है कि फिलहाल लो कॉस्ट ओवरब्रिज का निर्माण जल्द से जल्द करवाया जाय। लहेरियासराय गुमती के पास तत्काल ट्रैफिक पुलिस की नियुक्ति की जाय। आंदोलन में एमएसयू के राष्ट्रीय महासचिव गोपाल चौधरी, नीरज भारद्वाज, अनीश चौधरी, राजन मिश्रा, मिहिर कुमार, विमल, सुधांशु, अनुराग, आकाश आदि थे।

Share