
कोरोना आइसोलेशन वार्ड में भर्ती युवक की मौत से भड़के परिजनों ने जमकर की तोड़फोड़ एवं हंगामा।
देखिये वीडियो भी।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: दरभंगा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के कोरोना आइसोलेशन वार्ड स्थित शौचालय में कोरोना पॉजिटिव युवक की लाश मिली है। रविवार सुबह परिजन युवक से मिलने आईसोलेशन वार्ड में गए तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद ढूंढते हुए शौचालय गए तो दंग रह गए। युवक की लाश शौचालय में थी। घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। गुस्साए लोगों ने हॉस्पिटल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे हॉस्पिटल के अंदर और बाहर कई कीमती सामान क्षतिग्रस्त हो गए।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीओ राकेश कुमार दलबल के साथ डीएमसीएच पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत करवाया। पुलिस के अनुसार हॉस्पिटल के अंदर लगे शीशे के गेट और दीवार को क्षतिग्रस्त किया गया है। टेबल-कुर्सियों को पलटा दिया
गया। मृतक युवक के परिजनों ने लिखित शिकायत अबतक नहीं दी है। अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है। शिकायत मिलते ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने डीएमसीएच प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक के परिजन ने बताया कि मोबाइल से युवक से संपर्क नहीं होने पर जब वे आइसोलेशन वार्ड गए तो खोजबीन करने पर उसका शव शौचालय में मिला। परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे की जान डॉक्टरों की लापरवाही के कारण गई है। हॉस्पिटल प्रबंधन मामले की जांच करे और संबंधित डॉक्टरों पर कार्रवाई करे। वहीं हॉस्पिटल प्रबंधन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। डॉक्टरों से पूछताछ की जा रही है।

