
40 सालों में नही बना सड़क और नाला अब दिख रहा है कीचड़ युक्त तालाब। Voice of Darbhanga

वर्षों से नारकीय जीवन जी रहे हैं वार्ड 31 के भीगो चकरहमत के लोग।
दरभंगा। अभिषेक कुमार
शहर के वार्ड 31 के भीगो चकरहमत मुहल्ले की कई गलियों की सड़कें वर्षों से जलजमाव एवं साफ सफाई की समस्या तो झेल ही रही हैं, मुहल्ले के मुख्य सड़क जिससे होकर पुरे मोहल्ले की आबादी गुजरती है वह भी 40 साल पहले खरंजा हुआ था। आज वह सड़क कीचड़ में तबदील हो चुका है। सड़क विहीन रास्ता मो0 सोहैल के घर से हुसैनी के घर तक करीब 300 फ़ीट है और नाली तो है ही नही। स्थानीय लोग बताते हैं कि नगर निगम से कभी कचरा उठाने या नाली साफ़ करने कोई नही आता। वार्ड पार्षद कान में तेल डालकर सोये हैं। इसी मोहल्ले में उर्दू मध्य विद्यालय भीगो की स्थिति भी नारकीय है। स्कूल के कम्पाउंड में पानी भरा रहता है जिससे बच्चो के खेलने कूदने में नही होता है। प्रभारी मो0 शमीम अहमद बताते हैं कि बरसात में पम्पिंग सेट लगा कर पानी निकलवाते हैं पर फिर भर जाता है। बारिश के मौसम में वर्ग कक्ष ही नही, कार्यालय में भी पानी घुस जाता है। वर्ग संचालन के साथ साथ विद्यालय संचालन भी प्रभावित हो जाता है। बच्चो के पढाई से ज्यादा उनके सुरक्षा की फ़िक्र लगी रहती है।
इस सारे मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए नगर आयुक्त नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नही था। जल्द ही युद्धस्तर पर इस दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने नवम्बर-दिसंबर में सड़क एवं नाला निर्माण कार्य शुरू हो जाने की संभावना जतायी।

