
बारिश होते ही टपकने लगता है उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल का आईसीयू।
देखिए वीडियो भी।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग के आईसीयू की चौकाने वाली तस्वीर सामने आयी है। तस्वीरों को देखकर सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार आईसीयू के नाम पर यहां के गरीब मरीजों के साथ कैसा भद्दा मजाक कर रही है। आईसीयू के अंदर लाइट, एसी, उपचार से संबंधित सभी उपकरण भी लगे हुए है। लेकिन उचित देखभाल के अभाव में सभी बारी बारी से दम तोड़ रहे हैं। आईसीयू के कमरे में बने खिड़कियों के कांच भी टूटे हुए हैं, जिससे तेज हवा के साथ बारिश का पानी भी सीधे कमरे में प्रवेश करता है।
दरअसल यास चक्रवाती तूफान आने के बाद औषधि विभाग के आईसीयू का हाल और बुरा हो गया है। छत से रिसते पानी, बड़ी बड़ी खिड़कियों के टूटे कांच से आती सीधी हवा ने गंभीर मरीजो की परेशानियों को काफी बढ़ा दिया है। बदहाली का आलम यह है कि चूहों ने आईसीयू में लगे एसी को अपना आशियाना बना लिया है। परिजन अपने मरीजो को सर्द हवा एवं पानी से बचाने केलिए पर्दा का ओहार लगाकर बचाने की जुगाड़ में लगे रहते है। इस तरह के हालात से ड्यूटी में लगे डॉक्टर, नर्स से लेकर सफाई कर्मी तक परेशान रहते है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ मणिभूषण शर्मा ने बदहाल आईसीयू की बदहाली को मानते हुए कहा कि कंस्ट्रक्शन के मामले में औषधि विभाग का आईसीयू थोड़ा कमजोर है। लेकिन वहां की चिकित्सीय व्यवस्था पूरी तरह से दुरुस्त है। आईसीयू की व्यवस्था को बनाये रखने के लिए हमलोग हमेशा अलर्ट रहते हैं।
उन्होंने कहा कि वहां की चिकित्सीय व्यवस्था दुरुस्त रहने के कारण हमलोग पेशेंट को बचाते भी हैं। वही उन्होंने कहा कि भवन के टूटे कांच व अन्य चीजों का जल्द ही मरमत कराया जाएगा।

