
दरभंगा जंक्शन पर भाप मशीन का शुभारंभ।
दरभंगा: सांसद गोपाल जी ठाकुर ने मंगलवार को दरभंगा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर वेपोराइजिंग सिस्टम (भाप मशीन) का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने रेल विकास परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक भी की। सांसद ने कहा कि 253 करोड़ की लागत से 9.8 किलोमीटर लंबी रेल लाइन ‘काकरघाटी बाईपास का निर्माण किया जा रहा है। इसके निर्माण के बाद दरभंगा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव कम होगा और निकट भविष्य में पूर्वोत्तर भारत की रेल यात्रा इसी मार्ग से होगी। दरभंगा जिले में 10 रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के लिए फाइनल रिवाइज एस्टीमेट बिहार सरकार द्वारा रेलवे को स्वीकृति के लिए जल्द ही भेजा जा रहा है। इसको लेकर सभी विभागीय कार्य लगभग पूर्ण हो गये हैं। फाइनल रिवाइज एस्टीमेट के स्वीकृत होने के साथ ही कैबिनेट और टेंडर की प्रक्रिया जल्द पूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि पटना रेलवे स्टेशन के तर्ज पर दरभंगा स्टेशन के दोनों मुख्य द्वार को भव्य रूप से बनाया जाएगा। स्टेशन के दोनों तरफ सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार होगा। प्लेटफॉर्म छह पर लिफ्ट बनेगा व दरभंगा स्टेशन का पूर्ण भव्य सौंदर्यीकरण भी होगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा-समस्तीपुर दोहरीकरण का कार्य प्रगति पर है। दरभंगा स्टेशन पर 1.5 करोड़ की लागत से अधिकारियों के ठहरने के लिए अति विशिष्ट भवन का निर्माण कराया जा रहा है। रेलवे कर्मचारी के आवास के लिए 42 यूनिट टाइप टू क्वार्टर का निर्माण कार्य भी हो रहा है। जल्द ही दरभंगा स्टेशन पूरी तरह संस्कृत विश्वविद्यालय के स्वरूप में दिखने लगेगा। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या छह पर एस्केलेटर निर्माण के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। सांसद ने कहा कि लहेरियासराय स्टेशन पर जल्द ही दो एफओबी एवं एक लो कॉस्ट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू होगा। स्टेशन परिसर में एप्रोच रोड और सर्कुलेटिंग एरिया का भी विकास होगा। प्लेटफॉर्म संख्या-1, 2 एवं 3 पर यात्री शेड का भी निर्माण होगा। लहेरियासराय रेलवे स्टेशन पर 30 यूनिट आवासीय क्वार्टर का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिसमें टाइप टू एवं टाइप-3 शामिल है। सांसद के साथ सीनियर डीईएन विनोद गुप्ता, एडीईएन अब्दुस समद, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) फरहान हाशमी, जेई (कार्य) रमेश कुमार, स्टेशन डायरेक्टर पुष्कर कुमार, स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार आदि थे।

