
तालाब में डूबने से आठ वर्षीय बालक की मौत।
दरभंगा: जिले के बेनीपुर प्रखंड के शिवराम गांव में रामसेवक भगत के आठ वर्षीय नाती शिवम चौपाल की मौत मंगलवार को स्थानीय सुरवे तालाब में डूबने से हो गई। सूत्रों के मुताबिक वह शौच करने तालाब में गया था। पांव फिसलने से गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के पौवड़ा गांव के ललित चौरसिया के पुत्र के रूप में हुई है। मृतक की मां कविता देवी अपने नैहर शिवराम आई थी। घटना की सूचना मिलते ही सीओ एवं बहेड़ा एसएचओ रंजीत कुमार चौधरी ने शिवराम गांव पहुंचकर मामले की तहकीकात की तथा शव को पोस्टमार्टम कराने का आग्रह परिजन से किया। लेकिन मृतक के परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। सीओ भुवनेश्वर झा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम करने के लिए उनके परिजन तैयार नहीं हुए। इधर, घटना के बाद मृतक के ननिहाल में मातम पसरा हुआ है।

