
बाबा नागार्जुन की जयंती पर परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन।
दरभंगा: जिले के बेनीपुर प्रखंड अंतर्गत तरौनी गांव स्थित नागार्जुन पुस्तकालय परिसर में गुरुवार को वीवी शांति फाउंडेशन गुजरात की ओर से बाबा नागार्जुन की जयंती पर गुरुवार की संध्या कवि सम्मेलन सह बाबा नागार्जुन और मिथिला के भविष्य पर परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बीडीओ अमोल मिश्र, जिप सदस्य राम कुमार झा, फॉउंडेशन के संयोजक संतोष मिश्र, सुबोध चंद्र झा, लक्ष्मण झा सरदार, भरत झा, ललित झा, चिरंजीवी, रविंद्र झा, प्रमोद चंद्र झा सहित अन्य लोगों ने बाबा नागार्जुन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प उपस्थित लोगों ने लिया। कार्यक्रम के दौरान तरौनी को आदर्श गांव के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया। इसके अलावा सार्वजनिक स्थल पर पौधरोपण कार्यक्रम करने का भी संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में दर्जनों की संख्या में लोग सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शामिल हुए। केवटी : बाबा साहेब राम संस्कृत महाविद्यालय में गुरुवार को कबीर जयंती एवं बाबा नागार्जुन जयंती मनाई गई। इस मौके पर हिन्दी के महान कवि चिन्तक एवं समाज सुधारक भक्त शिरोमणि कबीरदास एवं मैथिली तथा हिन्दी के महान कवि बाबा नागार्जुन की जयंती का आनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. दिनेश झा ने की तथा संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. अभय नाथ ठाकुर ने किया। इस मौके पर अपने अध्यक्षीय भाषण में प्राचार्य डॉ दिनेश झा ने कहा कि कबीरदास का सम्पूर्ण जीवन सब के लिए एक आदर्श प्रस्तुत करता है। सह प्राचार्य डॉ. निहार रंजन सिन्हा ने नागार्जुन तथा कबीर की कविताओं में समानता के तत्व विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।

