
जर्जर हो चुके रैक प्वाइंट पर अनाज की बोरी लदा ट्रक पलटा।
दरभंगा: दरभंगा जंक्शन के बेला मोड़ स्थित रैक पॉइंट पर गुरुवार को सामान लदा हुआ ट्रक गड्ढे में फंसकर पलट गया। हलांकि इसमे किसी के हताहत होने की सूचना नही है।
इस घटना के संबंध में पूछने पर आरपीएफ निरीक्षक ब्रजेश कुमार ने बताया कि हमारी टीम वहां हमेशा तैनात रहती है। ट्रक पलटने के समय भी आरपीएफ के लोग वहां मौजूद थे। उन्होंने कहा कि रैक पॉइंट की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि उस पर हर पल दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
इधर, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चारदीवारी निर्माण को लेकर जेसीबी से गड्ढा खोदकर छोड़ दिए जाने
से भी वहां परेशानी बढ़ गई है।
बताया जाता है कि वाणिज्य शाखा की ओर से दरभंगा जंक्शन की इंजीनियरिंग शाखा, आईओडब्ल्यू एवं स्टेशन अधीक्षक को रैक पॉइंट की जर्जरता से पत्र लिखकर अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद किसी विभाग की ओर से रैक पॉइंट की मरम्मत को लेकर पहल होती दिखाई नहीं दे रही है।
मालूम हो कि यह रैक पॉइंट सामानों की आवाजाही को लेकर काफी महत्वपूर्ण है। एफसीआई एवं एसएफसी के हजारों टन सामान प्रतिदिन यहां उतरते हैं और यहां से एजेंसी के संबंधित गोदाम तक दर्जनों ट्रकों से ले जाया जाता है। इतना महत्वपूर्ण स्थल होने के बावजूद इस स्थान की मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग पूरी निष्क्रिय है जो चिंताजनक है।

