
बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिले में तैनात की गई एनडीआरएफ की टीम।
दरभंगा: जिले में बाढ़ के खतरे को देखते हुए एनडीआरएफ की 34 सदस्यीय टीम को तैनात कर दिया गया है। इसका नेतृत्व इंस्पेक्टर विश्व राजीव कुमार कर रहे हैं। 9वीं वाहिनी एनडीआरएफ बिहटा, पटना की टीम को इस वर्ष मानसून के दौरान संभावित बाढ़ के खतरे के मद्देनजर राज्य के अलग- अलग जिलों में तैनात किया जा रहा है। बता दें कि दरभंगा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र रहा है। यहां हर साल बागमती, कमला बलान, कोसी, अधवारा, खिरोई जैसे नदियों में उफान आने से कई लोग बेघर हो जाते हैं। ऐसी स्थिति होने पर एनडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में जुट जाती है। एक बार फिर संभावित बाढ़ को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को दरभंगा जिले में तैनात किया गया है। टीम अत्याधुनिक बाढ़ बचाव उपकरण, कटिंग टूल्स व उपकरण, संचार उपकरण, मेडिकल फर्स्ट रिस्पांडर किट, डिप डाइविंग सेट, इनफ्लैटेबल लाइटिंग टावर आदि से लैस है। इंस्पेक्टर विश्व राजीव कुमार ने कहा कि बाढ़ से पहले एनडीआरएफ की टीम संबंधित तैनाती वाले जिलों में कम्युनिटी अवेयरनेस एवं कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम करती है। इसमें आम जनता व आपदा में कार्य करने वाले कर्मियों को बाढ़ से पहले की तैयारी, बाढ़ बचाव की जानकारी, अस्पताल पूर्व चिकित्सा व रेसक्यू करने का तरीका तथा अन्य सुरक्षात्मक कार्यवाहीयों के बारे में बताया जाता है। उन्होंने कहा कि गुरुवार से एनडीआरफ की टीम बिहार होमगार्ड के जवानों को दरभंगा स्टेशन के सामने वाले हराही तालाब में बोट चलाने का प्रशिक्षण दे रही है, ताकि बाढ़ में उनका इस्तेमाल किया जा सके।

