
भतीजी के हत्या के आरोप में चाचा और चाची को उम्रकैद की सजा।
दरभंगा: दरभंगा व्यवहार न्यायालय के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंचम उदय प्रताप सिंह ने गुरुवार को हत्या के मामले में पति-पत्नी को उम्रकैद की सजा सुनायी है। घटना वर्ष 2015 में हुई थी। सजा पाने वाले दंपती मनीगाछी थाने के नेहरा निवासी रणधीर सहनी व उनकी पत्नी निशा देवी हैं। इन दोनों को न्यायालय ने गत दो जुलाई को दोषी करार दिया था। सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए आठ जुलाई की तारीख निर्धारित की गई थी। जानकारी के अनुसार, मनीगाछी थाना क्षेत्र के नेहरा निवासी 11 वर्षीया निशी कुमारी को आपसी रंजिश में मारपीट कर जख्मी करने व केरोसिन छिड़ककर हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए मृतका के परिजन ने मनीगाछी थाने में कांड संख्या-264/15 दर्ज कराया था। मनीगाछी थाने की पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र समर्पित करने के बाद न्यायालय ने संज्ञान लिया।
अभियोजन पक्ष की ओर से 11 गवाहों ने न्यायालय में उपस्थित होकर गवाही दी। न्यायालय ने सभी गवाहों की गवाही, प्रस्तुत प्रदर्श व उभय पक्षों की सुनवाई के बाद दोनों अभियुक्तों को दोषी करार दिया और सजा सुनाई। अभियुक्त रणधीर सहनी घटना के बाद से ही न्यायिक हिरासत में था। वहीं, निशा देवी को न्यायालय द्वारा दोषी करार दिये जाने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था।

