Home Featured कंटेनर सहित शराब की बड़ी खेप जब्त, कारोबारी हुए फरार।
Featured - मुख्य - July 25, 2021

कंटेनर सहित शराब की बड़ी खेप जब्त, कारोबारी हुए फरार।

दरभंगा: जिले में शराबबंदी का तो जैसे मजाक सा बनाकर रख दिया है कारोबारियों ने। पुलिस का खौफ नाम की कोई बची ही नही है। ऊपर से बड़े कारोबारियों के नही पकड़े जाने से कारोबारियों के हौसले लगातार बढ़े हुए हैं।

दरअसल पुलिस जब भी कोई बड़ी खेप जब्त करती है, कारोबारी अंधेरे जा फायदा उठाकर भाग जाते हैं। शराब के साथ यदि कभी गिरफ्तारी होती है तो वो भी छोटी मोटी बरामदगी के समय ही।

कुछ ऐसा मामला रविवार को जिले के बेनीपुर में सामने आया है। बहेड़ा थाना की पुलिस ने शनिवार की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर कल्याणपुर गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब लदे हरियाणा नंबर के कंटेनर को जब्त किया है।

बहेड़ा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस को शराब की खेप उतारे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस छापेमारी के लिए कल्याणपुर गांव पहुंची। वहां एक गैस एजेंसी के निकट एक कंटेनर खड़ा मिला। पुलिस की गाड़ी देखते ही वाहन चालक व धंधेबाज भागने में सफल रहा। पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें पीछे से प्लास्टिक के कैरेट में सड़ा हुआ बिस्किट भरा था। जब उसे हटाकर जांच की गई तो कंटेनर के तहखाने के भीतर विभिन्न ब्रांडों की 494 कार्टन में रखी विदेशी शराब मिली।

पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर थाना पर लाया गया तथा शराब गिनती की गई। उन्होंने बताया कि विभिन्न ब्रांड के विदेश शराब 750 एमएल का 128 कार्टन, 375 एमएल का 181कार्टन, 180 एमएल का 185 कार्टन कुल 494 कार्टन 4379 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। थाने पर भारी मात्रा में जब्त विदेशी शराब को देख लोगों ने इसका बाजार का मूल्य 50 लाख से भी अधिक का आंकलन किया। इस संबंध में पूछने पर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी ने बताया कि कंटेनर (रजिस्ट्रेशन एचआर 46 डी 7783) की जांच की जा रही है। कंटेनर के मालिक एवं चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share