
सड़क दुर्घटना में बच्चे की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने घण्टों किया सड़क जाम।
देखिए वीडियो भी।

देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: जिले के पतोर ओपी क्षेत्र के उसमामठ प्राथमिक विद्यालय के समीप रविवार की रात्रि एक बेकाबू ट्रक ने दो बच्चों को कुचल दिया। इसमें से एक बच्चे की मौत मौके पर ही हो गयी जबकि दूसरा गम्भीर स्थिति में डीएमसीएच में इलाजरत है। ट्रक ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया।
घटना के विरोध में तथा मुआवजे की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने देकुली – सिसौनी रोड को मधुबन के समीप जाम कर दिया। बाद में प्रशासनिक पदाधिकारियों के पहुंचने एवं आपदा मद के चार लाख की राशि का चेक तथा कबीर अंत्येष्टि योजना अंतर्गत तीन हजार रुपये मृतक के परिजन को प्रदान करने के उपरांत जाम समाप्त हुआ। 
स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार की रात्रि करीब आठ बजे तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसमामठ से मधुबन लौट रहे दो बच्चों को कुचल दिया जिसमें एक की मौत हो गयी और दूसरा गम्भीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान मधुबन गाँव निवासी राकेश पासवान के 7 वर्षीय पुत्र प्रतीक कुमार के रूप में हूई है, जबकि घायल बालक उसी गांव के लालबाबू पासवान का 6 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार है। घटना के बाद ट्रक संख्या BR 01GH – 9362 को छोड़कर ट्रक चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी जानकारी पतोर ओपी को दी गयी। ओपी अध्यक्ष वरुण कुमार गोस्वामी ने मौके पर पहुंच कर ट्रक को कब्जे में ले लिया।
सोमवार को सड़क जाम कर रहे स्थानीय ग्रामीण हरि पासवान ने बताया कि घटना के सम्बंध में सूचना देने केलिए जब बहादुरपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी को फोन किया गया तो लगातार उनका फोन स्विच ऑफ था। एसडीओ से जब बात हुई तो उन्होंने सड़क जाम करने के कारण ग्रामीणों पर ही केस करने की धमकी दी। बाद में बहादुरपुर के अंचलाधिकारी द्वारा आपदा मद से चार लाख के मुआवजे की राशि का चेक प्रदान किया गया। इसके बाद जाम समाप्त किया गया।
वहीं मौके पर माले नेता हरी पासवान, भोला पासवान, पूर्व मुखिया दयानंद पासवान, बसतपुर पंचायत के मुखिया कुमारी निलम, मिथलेश भगत आदि मौजूद थे।

