
जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, पुलिस कर्मी को भी आई चोटें।
दरभंगा। सदर थाना क्षेत्र के औद्योगिक प्रांगण के पास रविवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर बवाल हुआ। इस दौरान रोड़ेबाजी भी की गई जिसमें कुछ पुलिस कर्मियों को भी हल्की चोट आई। मौके से पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पकड़ाए युवक की पहचान मो. वसीम उर्फ टोनी के रूप में की गयी है। थानाध्यक्ष शशिकांत सिंह ने बताया कि घटना को लेकर रंगदारी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया जाता है कि सदर थाने के बगल में एक भूखंड को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष उक्त जमीन को अपना बता रहे हैं। उसी जमीन के मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के लोग रविवार को जमीन के पास पहुंचे थे। पुलिस भी वहां मौजूद थी।
दोनों पक्षों के कागजात देखने के बाद जो निर्णय सामने आया वह एक पक्ष को मंजूर नहीं था। इसके बाद वहां बवाल मचना शुरू हो गया। एक पक्ष के लोगों ने वहां मौजूद कुर्सियों को इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया। कुछ लोग पत्थर भी चलाने लगे। इससे कुछ देर के लिए वहां अफरातफरी मच गई।
लेकिन थानाध्यक्ष शशिकांत सिंह की मुस्तैदी एवं हल्के बल प्रयोग से मामला शांत हो गया। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष शशिकांत सिंह ने बताया कि घटना को लेकर भेलुचक निवासी शमीम हैदर के आवेदन पर रंगदारी की प्राथमिकी दर्ज की गयी है। हालांकि उन्होंने रोड़ेबाजी में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की बात से इनकार किया है।

