Home Featured परीक्षा छात्रों के लिए महापर्व, पूरे उत्साह तथा आत्मविश्वास के साथ छात्र परीक्षा में हो शामिल : प्रो विश्वनाथ।
Featured - मुख्य - August 1, 2021

परीक्षा छात्रों के लिए महापर्व, पूरे उत्साह तथा आत्मविश्वास के साथ छात्र परीक्षा में हो शामिल : प्रो विश्वनाथ।

दरभंगा: इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, दरभंगा के वरीय क्षेत्रीय निदेशक डॉ. शंभू शरण सिंह ने कहा कि इग्नू के परीक्षा केन्द्रों पर किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अथवा नकल के साधनों का प्रयोग पूर्णत: प्रतिबंधित है। परीक्षा कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत स्वच्छ व कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न होगी।

ये बातें उन्होंने रविवार को सीएम कॉलेज के इग्नू अध्ययन केंद्र के तत्वावधान में ‘इग्नू परीक्षा : शंका एवं समाधान विषयक ऑनलाइन कार्यक्रम में परीक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र पर अपना इग्नू आईडेंटिटी कार्ड तथा इग्नू हॉल टिकट के साथ ही जाएं। जीडी कॉलेज, बेगूसराय के इग्नू समन्वयक प्रो. कमलेश कुमार ने कहा कि परीक्षा का आयोजन हमारा सामूहिक दायित्व है।

छात्र कितना जानते हैं, इससे अधिक महत्वपूर्ण है कि वे परीक्षा में क्या लिखते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को छात्रोपयोगी एवं प्रासंगिक बताते हुए कहा कि परीक्षार्थी सहर्ष, हौसले के साथ बिना घबराहट के परीक्षा में शामिल हों। हम लोग हमेशा उनका सम्यक् मार्गदर्शन करने के लिए तत्पर हैं। इग्नू के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम से न केवल सीएम कॉलेज, बल्कि अन्य इग्नू ध्यान केंद्र के परीक्षार्थी भी लाभान्वित होंगे।

यदि किसी छात्र को हॉल टिकट मिलने में या अन्य तरह की कोई समस्या हो तो वे सातों दिन 24 घंटे कार्य कर रहे इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, दरभंगा से मदद ले सकते हैं। परीक्षार्थी मेल अथवा फोन द्वारा हमें सूचित कर अपनी समस्याओं का समाधान करा लें। अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य प्रो. विश्वनाथ झा ने परीक्षार्थियों को मित्रता दिवस तथा इग्नू-परीक्षा की बधाई देते हुए कहा कि पुस्तक हमारा सबसे बड़ा मित्र होता है।

उन्होंने कहा कि परीक्षा छात्रों के लिए महापर्व होता है, जिसमें पूरी तैयारी व पूरे उत्साह तथा आत्मविश्वास के साथ उन्हें शामिल होना चाहिए। कार्यक्रम में टीपीएस कॉलेज, मधेपुरा के मैथिली के प्राध्यापक डॉ. उपेंद्र प्रसाद यादव, सहायक समन्वयक डॉ. कीर्ति चौरसिया, डॉ. शंभू मंडल, डॉ. वीरेंद्र कुमार झा, कुमार सौरभ, महेश यदुवंशी, मोहित भूषण, केएस कॉलेज से फूल कुमार मंडल, राघव रेशमिया, रंजू भारती, उदित, त्रिलोकनाथ चौधरी, सरफराज अहमद, विद्यानंद चौरसिया आदि थे। सीएम कॉलेज के इग्नू समन्वयक डॉ. आरएन चौरसिया के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत डॉ. कीर्ति चौरसिया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शिशिर कुमार झा ने किया।

Share