
02 अगस्त को होगी शहर में शिक्षक नियोजन को लेकर काउंसिलिंग।
दरभंगा: दो और चार अगस्त को नगर निगम नियोजन इकाई तथा दो, चार और पांच अगस्त को बेनीपुर नगर परिषद नियोजन इकाई में प्रारंभिक शिक्षकों के नियोजन को लेकर काउंसिलिंग आयोजित होगी। विभागीय स्तर पर इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है। काउंसिलिंग के लिए सीएम साइंस कॉलेज तथा जिला स्कूल को केंद्र बनाया गया है।
नगर आयुक्त एमके मीणा तथा डीपीओ संजय कुमार देव कन्हैया ने रविवार को सीएम साइंस कॉलेज काउंसिलिंग केंद्र पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र पर प्रतिनियुक्त अधिकारी, कर्मी व शिक्षकों को अपनी जवाबदेही कैसे पूरी करनी है इसके बारे में सविस्तार जानकारी प्रशिक्षण में दी जा चुकी है।
शिक्षक नियोजन के लिए प्राधिकृत अधिकारियों एवं कर्मियों को एमडीएम डीपीओ संजय कुमार देव कन्हैया की ओर से काउंसिलिंग टेबल के नोडल, प्रधान सहायक व हेल्प डेस्क के कार्यों के बारे में प्रशिक्षण में बताया जा चुका है।मालूम हो कि डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश पर सीएम साइंस कॉलेज काउंसिलिंग केंद्र के लिए एमडीएम डीपीओ श्री कन्हैया को प्रभारी बनाया गया है। वहीं लेखा व योजना के डीपीओ कुमार सत्यम को जिला स्कूल काउंसिलिंग केंद्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा और साक्षरता के डीपीओ संदीप रंजन को सहायक केंद्र प्रभारी नियुक्त किया गया है। नगर निगम नियोजन इकाई के अंतर्गत 166 पदों के लिए अभ्यर्थी काउंसिलिंग में भाग लेंगे। पहले दिन सोमवार को छठी से आठवीं के लिए सामाजिक विज्ञान के 60 पदों के लिए सीएम साइंस कॉलेज स्थित केंद्र पर अंतिम मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। वहीं बेनीपुर नगर परिषद नियोजन इकाई के लिए छठी से आठवीं तक की कक्षा के लिए सामाजिक विज्ञान के सात पदों के लिए सोमवार को ही जिला स्कूल में काउंसिलिंग होगी।
प्रारंभिक शिक्षक नियोजन अंतर्गत दूसरे दिन चार अगस्त को नगर निगम इकाई अंतर्गत छठी से आठवीं कक्षा तक के पांच विषयों के लिए काउंसिलिंग होगी। सीएम साइंस कॉलेज पर हिंदी विषय के 41, अंग्रेजी विषय के 23, संस्कृत विषय के नौ, उर्दू विषय के 12 एवं विज्ञान व गणित विषय के 21 पदों के लिए अंतिम मेधा सूची में चयनित अभ्यर्थी काउंसिलिंग में भाग ले सकेंगे।
इन विषयों के अभ्यर्थी सीएम साइंस कॉलेज स्थित काउंसलिंग केंद्र में शामिल होंगे। वहीं बेनीपुर नगर परिषद अंतर्गत 63 पदों के लिए जिला स्कूल स्थित केंद्र पर काउंसिलिंग होगी। इसमें छठी से आठवीं कक्षा के लिए हिंदी विषय के 12, अंग्रेजी के 13, संस्कृत के 13, उर्दू के चार, गणित एवं विज्ञान के 14 पद शामिल हैं।
बेसिक ग्रेड के 17 पदों के लिए काउंसिलिंग पांच अगस्त को होगी। पांच अगस्त को बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र के लिए पहली से पांचवीं तक के 17 शिक्षक पदों के लिए जिला स्कूल पर काउंसिलिंग होगी। इसमें 15 सामान्य एवं दो उर्दू शिक्षक पद हैं। नगर निगम अंतर्गत बेसिक ग्रेड का कोई भी शिक्षक पद नहीं है इस कारण सीएम साइंस कॉलेज केंद्र पर पांच अगस्त को काउंसिलिंग नहीं होगी।

