
शहर के टाउन हॉल में जिला प्रशासन द्वारा मेगा वैक्सीनेशन कैम्प का आयोजन।
दरभंगा: समाहरणालय अवस्थित अम्बेडकर सभागार में बुधवार को कोविड टीकाकरण अभियान को लेकर डीएम डॉ0 त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी। इसमें बताया गया कि चार अगस्त को दरभंगा जिले को 40 हजार टीका प्राप्त होना है। इसलिए जिस प्रखंड को पांच अगस्त के लिए जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है तद्नुसार शत-प्रतिशत टीकाकरण कराना सुनिश्चित करना होगा।
इसके लिए 250 से 300 लोगों पर एक टीकाकरण केन्द्र बनाना होगा। यदि 2,500 लक्ष्य दिया गया है तो उस प्रखंड को कम से कम 10 टीकाकरण केन्द्र बनाना होगा। बैठक में कहा गया कि पांच अगस्त से शहर के टाउन हॉल में जिला प्रशासन द्वारा मेगा वैक्सीनेशन का आयोजन किया जा रहा है, जो सुबह छह बजे से रात्रि नौ बजे तक चलेगा।
इस कैम्प में बुजुर्गों, महिलाओं एवं काम-काज करने वालों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस कैम्प में ड्राइव थ्रू की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे जो नागरिक अंदर आने में असमर्थ हैं, उनको बाहर ही सब सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। इसमें केयर इंडिया सहयोग प्रदान कर रही है। गौरतलब है कि पांच अगस्त के लिए दरभंगा नगर निगम क्षेत्र को आठ हजार टीका का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वहीं जाले प्रखंड को 2500, केवटी को 3000, बहेड़ी को 2500, बिरौल को 2500, बहादुरपुर को 2500, दरभंगा सदर को 2500, मनीगाछी को 1500, तारडीह को 1000, सिंहवाड़ा को 2500, हायाघाट को 1000, घनश्यामपुर को 1000, अलीनगर को 1000, बेनीपुर को 2000, कुशेश्वरस्थान पूर्वी को 1500, कुशेश्वरस्थान (सतीघाट) को 1500, हनुमाननगर को 1500, गोड़ाबौराम को 1000 एवं किरतपुर प्रखंड को 1000 टीका लगवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके साथ ही ससमय प्रविष्टि के लिए पर्याप्त संख्या में डाटा इन्ट्री ऑपरेटरों की व्यवस्था रखनी होगी। प्रत्येक सेशन साइट पर कम से कम दो डाटा इन्ट्री ऑपरेटरों को रखना होगा। वैसी पंचायत जहां अभी तक टीकाकरण दल नहीं गया है, वहां प्राथमिकता देनी होगी। इसके साथ ही कुशेश्वरस्थान एवं कुशेश्वरस्थान पूर्वी में बांध क्षेत्र में रह रहे लोगों के लिए भी टीकाकरण शिविर लगवाना होगा। हनुमाननगर में भी बांध पर रहने वाले लोगों का टीकाकरण करवा लेना होगा।
इसके लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं बीडीओ को दिन में भी समीक्षा करनी होगी और यह देखना होगा कि किस केन्द्र पर भीड़ अधिक है, कहां टीका की कमी है। डीएम ने रेलवे स्टेशन एवं हवाई अड्डे पर मुम्बई, केरल व कर्नाटक से आने वाली ट्रेन व हवाई यात्रियों की आरटीपीसीआर जांच करवाते रहने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि यदि कोई पॉजिटिव पाया जाता है तो इसकी जानकारी संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को भी दी जाए, ताकि वहां कंटेनमेन्ट जोन की निगरानी समुचित ढंग से की जा सके।

