
15 अगस्त तक ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना एवं आईसीयू के सभी बेड तक आपूर्ति करें सुनिश्चित: डीएम।
दरभंगा: बुधवार को समाहरणालय परिसर अवस्थित अंबेडकर सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी डॉ0 त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य रूप से 15 अगस्त तक डीएमसीएच एवं बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना एवं आईसीयू के सभी बेड तक ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित कराने पर चर्चा हुई।
बैठक में डीएमसी के प्राचार्य ने कहा कि डीएमसीएच में तीन ऑक्सीजन प्लांट संस्थापित किये जा रहे हैं। एक प्लांट क्रायोजेनिक का एवं दो प्लांट बीएमसीआईएसएल द्वारा संस्थापित किया जा रहा है। क्रायोजेनिक प्लांट से डीएमसीएच के कोरोना वार्ड के सभी 125 बेड पर ऑक्सीजन की आपूर्ति की जानी है।
इसके लिए सिविल वर्क व पाईप लाईन का कार्य किया जा रहा है। क्रायोजेनिक ऑक्सीजन प्लांट के पाईपलाईन एवं सिविल वर्क के लिए कम्पनी को जिम्मेवारी दी गयी है। उसके द्वारा बताया गया है कि पाईपलाईन लग जाने के बाद पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गनाईजेशन से अनुज्ञप्ति लेनी पड़ेगी। एजेन्सी के प्रतिनिधि सज्जन दत्ता ने कहा है कि दो से तीन दिनों में सिविल वर्क का काम पूरा हो जाएगा। वर्तमान में फैन्सिंग का काम चल रहा है।
डीएम ने अधीक्षक को अनुज्ञप्ति के लिए शीघ्र ही अप्लाई कर देने का निर्देश दिया। बीएमसीआईएसएल द्वारा दो ऑक्सीजन प्लांट लगाया जा रहा है। इससे आपातकालीन वार्ड, मेडिसन वार्ड एवं शिशु वार्ड के बेड में ऑक्सिजन पाईप लाईन लगायी जाएगी। डीएमसीएच प्राचार्य ने बताया कि शिशु वार्ड के 48 बेड पर ऑक्सीजन पाईपलाईन लगा दी गयी है और 20 बेड पर लगाना बाकी है।
बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में डीआरडीओ द्वारा संस्थापित किये जा रहे ऑक्सीजन प्लांट के संबंध में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अभी वहां सिविल वर्क चल रहा है। पिलर एवं बेस बनकर तैयार हो गया है। सिविल वर्क पूर्ण हो जाने पर डीआरडीओ द्वारा प्लांट संस्थापित की जाएगी। डीएम ने सिविल सर्जन को संबंधित विभाग एवं पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर शीघ्र ऑक्सीजन प्लांट कार्यरत कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कार्यरत सभी एजेन्सी को चेतावनी देते हुए कहा कि 15 अगस्त तक सभी ऑक्सीजन प्लांट चालू हो जाना चाहिए और बेड तक ऑक्सीजन की आपूर्ति होनी चाहिए। यदि इसमें कहीं कोई कमी पायी जाएगी तो संबंधित एजेन्सी के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के अन्तर्गत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधीक्षक व सिविल सर्जन को ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए कुशल तकनीशियन की व्यवस्था भी कर लेने का निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी तनय सुल्तानिया, डीआईओ डॉ. अमरेन्द्र कुमार मिश्र, उप निदेशक, जनसम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, संबंधित एजेन्सी के प्रतिनिधिगण आदि उपस्थित थे।

