
सृष्टि फाउंडेशन के छात्र-छात्राओं की शिव स्तुति पर केंद्रित प्रस्तुति ने मोहा सबका मन।
दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के 49वें स्थापना दिवस पर गुरुवार को जुबली हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सृष्टि फाउंडेशन के छात्र-छात्राओं ने शिव स्तुति पर केंद्रित अर्द्धनारीश्वर नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। ओडिसी नृत्य शैली में प्रस्तुत इस नृत्य में सृष्टि के कलाकार बच्चों ने देवों के देव महादेव और माता पार्वती के अर्द्धनारीश्वर स्वरूपों को अत्यंत भावपूर्ण तरीके से दर्शाया।
सावन के शिव भक्तिमय मास में भगवान शिव की भूमिका में टिया रानी और माता पार्वती की भूमिका में प्रियांशी मिश्रा की प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया।
दिव्यांग कलाकार निशा सिंह के साथ श्वेता चौधरी ने अपनी आकर्षक भाव-भंगिमा से ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति से सबको अचंभित कर दिया। नृत्य के माध्यम से प्रियांशी मिश्रा ने एक तरफ जहां माता पार्वती के कोमल भावों को बेहतर तरीके से प्रकट किया वहीं दूसरी ओर टिया रानी ने भगवान शिव के रौद्र रूप अत्यंत भावपूर्ण तरीके से दर्शाया। ऊं नम: शिवाय के भक्तिमय उद्घोष के साथ नृत्य का समापन हुआ।

