Home Featured दरभंगा हवाई अड्डे का नामकरण महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह के नाम पर करने की मांग।
Featured - मुख्य - August 6, 2021

दरभंगा हवाई अड्डे का नामकरण महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह के नाम पर करने की मांग।

दरभंगा: राज दरभंगा इतिहास संरक्षण एवं संवर्धन समिति ने दरभंगा हवाई अड्डे का नामकरण महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह के नाम पर करने की मांग की है। समिति के संरक्षक रंगनाथ ठाकुर ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कहा कि राज दरभंगा ने सन 1962 के भारत-चीन युद्व के समय 89 एकड़ में फैला अपना हवाई अड्डा भारतीय वायुसेना को राष्ट्रहित में उपयोग के लिए दिया था।

इसलिए राज्य एवं केन्द्र सरकार से अनुरोध है कि दरभंगा एयरपोर्ट का नामकरण महाराजधिराज कामेश्वर सिंह के नाम पर किया जाय। हाल ही में देखा गया है कि देश के कई हिस्सों में वहां के राजा के नाम पर हवाई अड्डे का नामकरण किया गया है। जैसे हरियाणा स्थित हिसार में महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट नाम रखा गया है। अत: राज्य एवं केन्द्र सरकारों से हमारा अनुरोध है कि पटना उच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करते हुए हमारी मांग को स्वीकार कर उचित न्याय किया जाय।

श्री ठाकुर ने कहा कि राज दरभंगा इतिहास संरक्षण एवं संवर्धन समिति के सदस्य संजय कुमार राय की जनहित याचिका को पटना उच्च न्यायालय ने स्वीकार करते हुए गत 20 जुलाई को मुख्य न्यायाधीश संजय करोल के कोर्ट ने केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से चार सप्ताह के अंदर जवाब मांगा है। न्यायालय ने तीन माह के अंदर मामले में अंतिम निर्णय ले लेने की बात कही है। याचिका में श्री राय ने दरभंगा एयरपोर्ट का नाम विद्यापति एयरपोर्ट रखने के प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज की है। श्री राय ने कहा कि हवाई अड्डे की जमीन महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह की है इसलिए उसके नामकरण में इस बात का ख्याल रखा जाय। उन्होंने यह भी कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट का नाम दरभंगा एयरपोर्ट अथवा महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह एयरपोर्ट नाम से करने या महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह विद्यापति एयरपोर्ट नामकरण का आग्रह किया गया है। राज दरभंगा इतिहास संरक्षण एवं संवर्धन समिति ने पटना हाईकोर्ट के प्रति आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद दिया। इधर, राज परिवार के कुमार कपिलेश्वर सिंह ने भी पटना हाईकोर्ट के निर्देश के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Share