
न्यास बोर्ड की संपत्ति को सूचीबद्ध करने व बंद पड़े चीनी मिल को चालू करने को लेकर हुई बैठक।
देखिये वीडियो भी।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: समाहरणालय परिसर अवस्थित अम्बेडकर सभागार में बिहार सरकार के गन्ना उद्योग एवं विधि विभाग मंत्री प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में धार्मिक न्यास बोर्ड अंतर्गत मिथिलांचल एवं दरभंगा में धार्मिक न्यास बोर्ड की संपत्तियों की खोज करने एवं उसे सूचीबद्ध कर न्यास बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड करने तथा दरभंगा के रैयाम एवं सकरी चीनी मिल को चालू कराने को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की गयी।
बैठक में मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा एवं जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराये गए धार्मिक न्यास बोर्ड में निबंधित 93 एवं अनिबंधित 210 न्यास बोर्ड अंकित हैं।
बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष द्वारा भी ऐसे संपत्ति की सुरक्षा हेतु कानून में दिए गए प्रावधान का विस्तार से अवगत कराते हुए बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों से अनुरोध किया गया कि प्रावधान के अनुसार मंदिरों की भूमि की खोजकर विभाग द्वारा बनाए गए पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि जो मंदिर अभी तक धार्मिक न्यास बोर्ड में निबंधित नहीं है, उसे भी प्रावधान के अनुसार निबंधित करते हुए एक महीने के अंदर अपना प्रस्ताव देंगे।
इसके अतिरिक्त रैयाम और सकरी के बंद पड़े चीनी मिल को चालू करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में बताया गया कि निवेशक द्वारा
समय पर कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, जिसके कारण उसकी राशि फोरबिड हो गयी। नई नीति के तहत नए निवेशक के लिए कार्य आगे बढ़ाने को लेकर संबंधित पदाधिकारी को निदेशित किया गया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम द्वारा मंत्री, न्यास बोर्ड के अध्यक्ष, विधायकों, धार्मिक न्यास बोर्ड के उपस्थित सदस्य, विधि विभाग के विशेष सचिव एवं अन्य उपस्थित पदाधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापन करते हुए न्यास बोर्ड की संपत्ति की सुरक्षा हेतु इस प्रकार की बैठक एवं पहल के लिये विशेष रूप से धन्यवाद किया गया। साथ ही आश्वासन दिया गया कि बैठक में जो भी निर्णय लिये गए हैं, उनका अनुपालन किया जाएगा।
बैठक में दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के अलावा बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद जैन, नगर विधायक संजय सरावगी, अलीनगर विधायक मिश्रीलाल यादव, बिस्फी विधायक सह सदस्य बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड हरिभूषण ठाकुर बचोल, अपर समाहर्त्ता (राजस्व) विभूति रंजन चौधरी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी व न्यास बोर्ड के सदस्य आदि उपस्थित थे।

