
मोहर्रम, श्रावणी पूजा, जन्माष्टमी एवं अन्य आगामी त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक।
दरभंगा: समाहरणालय अवस्थित आंबेडकर सभागार में सोमवार को डीएम डॉ0 त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में मोहर्रम, श्रावणी पूजा, जन्माष्टमी एवं अन्य आगामी त्योहारों को लेकर जिला शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक, महापौर, नगर आयुक्त, सदर एसडीओ व सदर एसडीपीओ सहित जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
जिला शांति समिति के सदस्यों को गृह विभाग, बिहार सरकार द्वारा कोविड-19 को लेकर जारी दिशा-निर्देश से अवगत कराते हुए बताया गया कि कोरोना संक्रमण से बचाव एवं सुरक्षा को लेकर सभी प्रकार के धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पर प्रतिबंध जारी है। धार्मिक स्थलों को खोलने पर प्रतिबंध भी जारी है।
इसलिए मोहर्रम के अवसर पर कोई जुलूस नहीं निकलेगा इस तथ्य से जिला मोहर्रम समिति को ग्रामीण स्तर की अपनी कमेटियों को अवगत करा देने को कहा गया।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने शहर में कई क्षेत्रों एवं धार्मिक स्थलों के पास सफाई करवाने एवं पानी की निकासी करवाने की आवश्यकता बताई। महापौर श्रीमती खेड़िया ने आश्वस्त किया कि धार्मिक स्थलों के पास सफाई करवाई जाएगी तथा जहां प्रकाश की समस्या है वहां प्रकाश की व्यवस्था भी कराई जाएगी।
बैठक में कई सदस्यों ने कुछ धार्मिक स्थल खुले रहने की सूचना दी। डीएम व प्रभारी एसएसपी ने संबंधित थानाध्यक्ष को इसकी तहकीकात कर सही पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी गण एवं जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

