Home Featured भाजपा के पूर्व महामंत्री के नेतृत्व में कल्याण सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन।
Featured - मुख्य - August 24, 2021

भाजपा के पूर्व महामंत्री के नेतृत्व में कल्याण सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन।

दरभंगा: मंगलवार की शाम लहेरियासराय टावर पर भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री आदित्य नारायण चौधरी मन्ना के नेतृत्व में पूर्व राज्यपाल एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्व. सिंह के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं. जीवेश्वर मिश्र ने कहा कि कल्याण सिंह जमीन से जुड़े हुए राजनेता एवं कुशल प्रशासक थे। उनके निधन से सार्वजनिक जीवन में अपूरणीय क्षति हुई है। वे श्रीराम जन्मभूमि आन्दोलन में अपनी राष्ट्रीय कर्तव्यनिष्ठा का निर्वाह कर जननायक बन गये। उन्होने कहा कि भारत हिन्दू राष्ट्र बनकर रहेगा। काशी विश्वनाथ में भी बाकी बचे स्थलों पर भव्य मंदिर निर्माण होगा एवं गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध भी लगेगा। कल्याण सिंह को संघ स्वयंसेवक बनने का गर्व था। उन्होंने एक कार्यकर्ता और नेता के नाते उत्तर प्रदेश में संगठन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तीकरण के लिए कार्य किया और जनकल्याण को हमेशा सर्वोपरि रखा। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनके परिजनों को इस वियोग के दुख को सहन करने की शक्ति दें तथा उनकी दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें।

मौके पर विभाग संघचालक डॉ. अशोक सिंह, नगर विधायक संजय सरावगी, विभाग प्रचारक राजाराम, नगर संघचालक दिनेश मिश्र, बजरंग दल के जिला संयोजक राजीव प्रकाश ‘मधुकर, दिलीप झा, भाजपा जिलाध्यक्ष जीवछ साहनी, चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. आमोद कुमार झा, आलोक श्रीवास्तव, रंगनाथ ठाकुर, मुकुंद चौधरी, विद्यार्थी परिषद जिला संयोजक उत्सव पराशर, राकेश मिथुन, विहिप के प्रांतीय उपाध्यक्ष शशिनाथ दास आदि थे।

Share