
पंचायत चुनाव में विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर डीएम- एसएसपी ने की बैठक।
देखिए वीडियो भी।

देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: समाहरणालय अवस्थित अम्बेदकर सभागार में गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला दण्डाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम व एसएसपी बाबू राम की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सभी एसडीओ, एसडीपीओ, बीडीओ एवं सभी थानाध्यक्ष थे। बैठक में पंचायत चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने पर चर्चा हुई। जिला दंडाधिकारी ने कहा कि हर गांव व टोले का सर्वे कर थानाध्यक्ष आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों को चि्ह्तित कर लें। इसके लिए पूर्व के चुनाव इतिहास का भी अध्ययन कर लें और जो भी आपराधिक प्रवृति के चुनाव में व्यवधान उत्पन्न करने वाले व्यक्ति हैं, उन्हें चिन्हित कर लें और त्वरित निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उनके विरुद्ध धारा 107 में कार्रवाई की जाए।
उनके नाम गुंडा पंजी में दर्ज कर चुनाव के दौरान उन्हें लगातार थाने में परेड कराया जाए। साथ ही गंभीर आपराधिक प्रवृति वालों के विरुद्ध सीसीए 3 एवं सीसीए 12 में थानाबदर व जिलाबदर के लिए प्रस्ताव दे दें। उन्होंने कहा कि सभी संवेदनशील गांव एवं टोलों को चिन्हित कर लिया जाए। इसके लिए थाना स्तर पर कैम्प किया जाए। पूर्व का इतिहास है कि पंचायत चुनाव के दौरान शराब का वितरण एवं उपयोग व्यापक पैमाने पर किया जाता है। इसलिए शराब माफियाओं की चि्ह्तित करते हुए उनकी सूची बना ली जाए और उनके नाम भी गुंडा पंजी में दर्ज कर लिया जाए।
उन्होंने कहा कि 29 सितम्बर को बेनीपुर एवं अलीनगर से पंचायत चुनाव प्रारंभ होकर 12 दिसम्बर तक चलेगा। पूर्व से गुंडा सूची में नाम दर्ज रहने पर चुनाव के दिन उन्हें थाना पर निवारक निरोध किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान चुनाव वाले क्षेत्र में कोई भी जुलूस, आम सभा या बैठक बिना निर्वाची पदाधिकारी की अनुमति के नहीं होगी तथा कहीं भी ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग अनुमंडल दंडाधिकारी के आदेश के बिना नहीं किया जाएगा। साथ ही रात 10 से सुबह छह बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र पर प्रतिबंध यथावत लागू रहेगा। किसी भी उम्मीदवार द्वारा चुनाव के दौरान धर्म, जाति, धार्मिक स्थल का प्रयोग या धार्मिक भावना भड़काने वाला प्रचार नहीं किया जाएगा। उम्मीदवार को नुक्कड़ सभा से पूर्व संबंधित थाने को सूचना देनी होगी। इसका उल्लंघन होने पर थानास्तर से संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। मतदान प्रारम्भ होने के 48 घंटे पूर्व प्रचार बंद हो जाएगा। बैठक में सदर एसडीओ राकेश कुमार गुप्ता, सदर एसडीपीओ अनोज कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अजय कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार, उप निदेशक जनसम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी आलोक राज एवं संबंधित अधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

