
निगरानी ने राजस्व कर्मचारी और उसके सहायक को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा।
दरभंगा: दाखिल खारिज के नाम पर रिश्वत की मांग राजस्व कर्मचारी को महंगा पड़ा। कर्मचारी अपने सहयोगी के साथ रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ निगरानी विभाग के हत्थे चढ़ गया।
दरअसल, पटना से दरभंगा पहुंची निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को सिहवाड़ा प्रखंड में हल्का कर्मचारी कार्यालय के राजस्व कर्मचारी रामप्रसाद राम और उसके सहायक शिवनंदन यादव को 5 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा है। दोनों को हल्का कर्मचारी कार्यालय से ही गिरफ्तार किया गया।
सिंहवाड़ा निवासी प्रमोद चौधरी ने निगरानी मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा था कि जमीन के दाखिल खारिज के नाम पर राजस्व कर्मचारी 5 हजार रुपए मांग रहे हैं।
मुख्यालय के आदेश पर आरोपों की जांच और पूरे मामले की पड़ताल के लिए एक स्पेशल टीम बनाई गई। टीम को लीड करने की जिम्मेवारी डीएसपी अरुण पासवान को दी
गई। इसके बाद शुक्रवार को यह टीम दरभंगा पहुंची। हल्का कर्मचारी कार्यालय के ऑफिस में पूरा जाल बिछाया। इसके बाद जैसे ही प्रमोद चौधरी रुपए लेकर वहां पहुंचा और क्लर्क व अमीन ने उसे लिया, वैसे ही निगरानी की टीम ने रंगेहाथ पकड़ लिया। निगरानी डीएसपी अरुण पासवान ने बताया कि पीड़ित प्रमोद चौधरी ने लिखित शिकायत की थी। इसी के बाद यह कार्रवाई की गई है।

