Home Featured गाड़ी से 18 लाख की बरामदगी के बाद इंजीनियर के घर से भी बरामद हुए 48 लाख।
Featured - मुख्य - August 29, 2021

गाड़ी से 18 लाख की बरामदगी के बाद इंजीनियर के घर से भी बरामद हुए 48 लाख।

दरभंगा: ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार के पटना और दरभंगा स्थित घरों पर रविवार को आईटी व पुलिस का संयुक्त छापेमारी में 48 लाख रुपये कैश मिलने की सूचना है। दरभंगा में नकदी के साथ संपत्ति के दस्तावेज भी मिले हैं। वहीं पटना से भी बरामदगी की अपुष्ट सूचना आ रही है। अनिल कुमार से कुढ़नी थाने में आईटी टीम की मौजूदगी में पूछताछ चल रही है।

बता दें कि शनिवार को मुजफ्फरपुर में अनिल कुमार की गाड़ी से मिला था 18 लाख कैश मिला था। दरभंगा में तैनात अनिल कुमार को नकद बरामदगी के बाद पीआर बांड पर छोड़ दिया गया था। अनिल कुमार से दोबारा पूछताछ के बाद छापेमारी की गई।

बताया जाता है कि मामले की जांच निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से कराई जा सकती है। इसके लिए पुलिस निगरानी के अधिकारियों से संपर्क करेगी। मामले की सूचना ग्रामीण कार्य विभाग को भी दी जायेगी। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने अपनी कार्यवाही पूरी कर ली है। आगे की जांच निगरानी, आयकर व ग्रामीण कार्य विभाग कर सकती है।

वहीं ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य अंचल दरभंगा के प्रभारी अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार काफी प्रभावशाली व्यक्ति बताए जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो वे एक पूर्व मंत्री के रिश्तेदार हैं। मधुबनी के ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल बेनीपट्टी से मार्च 2020 में अनिल कुमार का तबादला होकर अपना योगदान ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल दरभंगा टू के कार्यपालक अभियंता पद पर दिया। इसके बाद उनका प्रभाव खुलकर देखने को मिला। मूल योगदान के साथ उन्होंने बारी-बारी से बेनीपुर और बिरौल ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल के प्रभारी कार्यपालक अभियंता बन गए। इस बीच दरभंगा अंचल के अधीक्षण अभियंता रिटायर्ड हो गए। इसके बाद उन्हें छह माह पूर्व इस पद का भी प्रभार दे दिया गया। सूत्रों के अनुसार अनिल कुमार फरवरी 2022 में रिटायर्ड होने वाले हैं।

Share