
31 अगस्त को टीकाकरण के लिए महाभियान, जिले में एक लाख लोगों को वैक्सीन देने का लक्ष्य।
दरभंगा: कोरोना टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए रविवार को सभी जिला व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक समाहरणालय अवस्थित अंबेडकर सभागार में हुई। मौके पर डीएम डॉ.त्यागराजन एस एम ने कहा कि टीकाकरण महाअभियान 31 अगस्त को पूरे बिहार में चलाया जाएगा। इस तिथि को प्रत्येक पंचायत में प्रातः 7 बजे से टीकाकरण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस अभियान में विशेषकर द्वितीय डोज वाले को प्राथमिकता दी जाएगी परंतु शिविर में आने वाले सभी व्यक्तियों को टीकाकरण करने के लिए प्रथम डोज भी दी जाएगी । महाअभियान में दरभंगा जिले में लगभग एक लाख लोगों को एक दिन में टीकाकरण किया जाना है। सरकार द्वारा तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए इस अभियान को शत – प्रतिशत सफल बनाने का निर्देश दिया गया है।
टीकाकरण महाभियान की सफलता के लिए प्रखंड मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए जाएंगे एवं नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्रत्येक 2 घंटा पर टीकाकरण
प्रतिवेदन जिला मुख्यालय को भेजना होगा। साथ ही मोबिलाइजर (उत्प्रेरक) की सेवा भी ली जाएगी तथा उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित 200 रुपए मानदेय का भुगतान होगा।
बैठक में डीडीसी तनय सुल्तानिया, सीएस डॉ. अनिल कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार मिश्र, डीपीएम (हेल्थ) विशाल कुमार, यूनिसेफ के ओंकार चन्द, केयर इण्डिया के जिला समन्वयक श्रद्धा झा, डब्ल्यूएचओ के वाशव राज, एडीएम राहुल कुमार, संस्कार रंजन, गौरव शंकर, ललित राही, टोनी कुमारी आदि मौजूद थे।

