Home Featured बाढ़ सहायता राशि एवं जल निकासी की मांगों को लेकर प्रतिनिधियों ने दिया धरना।
Featured - मुख्य - August 31, 2021

बाढ़ सहायता राशि एवं जल निकासी की मांगों को लेकर प्रतिनिधियों ने दिया धरना।

दरभंगा : पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शत प्रतिशत परिवारों को बाढ़ सहायता राशि दिलवाने, प्रखंड क्षेत्र से बाढ़ के पानी की निकासी सहित विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय पर त्रिस्तरीय पंचायती राज के प्रतिनिधियों ने धरना दिया। धरना की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख बसंत कुमार ने की। लाेगाें काे संबोधित करते हुए प्रखंड मुखिया महासंघ के अध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी ने कहा कि गत 2 जुलाई से पूरा प्रखंड क्षेत्र बाढ़ के पानी से डूबा हुआ है।

2 महीना बीत जाने के बाद भी अभी तक अंचल से जिला तक का कोई पदाधिकारी देखने या सुधि लेना उचित नहीं समझे। बिना पंचायत या प्रखंड में अनुश्रवण कराएं अपनी स्वेच्छा से अधिकारियों ने कुछ वार्डों में राहत राशि व एक या दो बांध पर कुछ प्लास्टिक शीट देकर खानापूर्ति हुई है। प्रथम चरण की बाढ़ आने पर किसानों की जो खरीफ फसल एवं धान का बिचड़ा लगा हुआ था पूर्णतः नष्ट हो गया। बीच में बाढ़ का पानी घटने लगा था तो किसान बाहर से धान का बिचड़ा मंगाकर रोपनी की।

दोबारा बाढ़ का पानी बढ़ने पर वह भी पूरी तरह नष्ट हो गया। बहुसंख्यक पशुपालक किसान प्रखंड क्षेत्र से बाहर जाने पर मजबूर होकर समस्तीपुर की तरफ पलायन किए।जो किसान नहीं जा पाए वैसे किसानों का पशु चारा के अभाव में मरणासन्न की स्थिति में है। गरीबों, मजदूरों व विस्थापितों को कुछ दिनों तक दुकानदार राशन या जीवन उपयोगी सामान उधार दे रहे थे कि राहत का पैसा मिलेगा तो लोग दे देंगे। राहत नहीं मिलने की स्थिति में अब दुकानदार उधार देना भी बंद कर दिए। ऐसी स्थिति में बाढ़ पीड़ितों का जीना दुर्लभ हो गया है। पिछले साल की भांति इस साल भी बड़ी संख्या में फलदार व अन्य वृक्ष के सूखने से लोग भयभीत हैं। वृक्ष सूखने से किसानों की नगदी आमदनी बंद होने के साथ-साथ पर्यावरण पर भी असर पड़ेगा। विदित हो कि इस प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ सरकार द्वारा प्रायोजित है। तत्कालीन बिहार सरकार द्वारा पहले सोमवार हाट से हायाघाट तक कल्याणपुर बचाओ बांध बनाकर बाढ़ के पानी को रोका गया।

दोबारा पुनः सरकार की ओर से हायाघाट से मब्बी तक शहरी सुरक्षा के नाम पर तटबंध बनाकर इस क्षेत्र को बाढ़ ग्रसित व जलजमाव क्षेत्र बना दिया गया है। धरना को राजद जिला अध्यक्ष उमेश राय ने संबोधित कर पार्टी की तरफ से समर्थन दिया। सीपीआई अंचलमंत्री आशुतोष मिश्र, भाकपा माले के अंचल मंत्री पप्पू पासवान, जिला परिषद सदस्य रघुजीत पासवान,भोला सहनी, मुखिया ललन महतो, विजय कुमार चौधरी, रामानंद पासवान, जयकिशोर यादव, सरपंच फुलेन्द्र राय, लाल बाबू यादव, अरूण दास, रामलखन बैठा, नवनीत कुमार चौधरी भी थे।

Share