
पूर्व सरपंच व न्याय मित्र की सूझबूझ ने टूटने से बचाया परिवार।
दरभंगा: जाले थानाक्षेत्र की मस्सा पंचायत ग्राम कचहरी में सोमवार को ग्रामीणों की पहल पर पूर्व सरपंच राम विलास कामती एवं कचहरी के न्याय मित्र मनोज कुमार ठाकुर ने सोमवार को सूझबूझ का परिचय देकर दोनों पक्षों के स्वजनों की रजामंदी से तकरार से बिछड़े तीन अबोध बच्चों के माता पिता को मिला दिया। इस पहल की हर तरफ सराहना की जा रही है।
पूर्व सरपंच श्री कामती ने बताया कि मस्सा मिर्जापुर गांव निवासी स्व. रामबाबू ठाकुर की पुत्री किरण देवी का विवाह करीब दस वर्ष पूर्व शिवहर जिला के फरनहिया थाना क्षेत्र के बसंत जगजीवन गांव निवासी अमरदेव ठाकुर के पुत्र राजीव ठाकुर संग धूमधाम से हुई थी। तीन बच्चों ने जन्म लिया। तीसरे बच्चे के जन्म के बाद पति-पत्नी की तकरार को लेकर किरण को बच्चों के संग मायके का सहारा लेना पड़ा। अर्थाभाव से गुजर रही किरण की माता ने न्यायालय की शरण नहीं लेकर ग्रामीणों के सहयोग से उचित कार्रवाई के लिए सरपंच पर दबाव बनाया।
ग्रामीणों के दबाव एवं सामाजिकता को लेकर किरण के ससुराल पक्ष से पति राजीव एवं ससुर अमर देव ठाकुर को मस्सा बुलाया गया। कानूनी सहयोग के लिए इस कचहरी के न्याय मित्र मनोज कुमार ठाकुर को भी मस्सा ग्राम कचहरी में बुलाया गया। ग्राम कचहरी परिसर में ही ग्रामीणों के संग दोनों पक्षों की बातें सुनी गई। पति पत्नी के बीच हुए पूर्व के नोक-झोंक की बातों को नजरअंदाज कर किरण को ग्रामीणों ने मनाया। वहीं मौके पर मौजूद पति एवं ससुर ने आइंदा इस तरह की बातों की पुनरावृत्ति नहीं होने का वायदा कर दोनों पक्षों की सहमति से सरपंच एवं न्याय मित्र ने मिलाया। लिखित समझौता पत्र तैयार कर किरण को बच्चों संग ससुराल भेजा है। मौके पर मौजूद मुरेठा गांव के ग्रामीण राम प्रसाद ने बताया कि कार्य अवधि समाप्त होने के बाद भी जनप्रतिनिधि सामाजिक सरोकार से जुड़े रहे तो कई तरह के विवादों को टाला जा सकता है।

