
डीएमसीएच में चल रहे वैक्सीनेशन सेंटर का सांसद ने किया निरीक्षण।
दरभंगा: सांसद गोपाल जी ठाकुर ने मंगलवार को कोविड-19 मेगा वैक्सीनेशन कैंपेन के तहत डीएमसीएच में चल रहे वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया एवं वहां उपस्थित लोगों से हाल-चाल जाना। उन्होंने कहा कि मेगा वैक्सीनेशन कैंपेन का उद्देश्य जल्द से जल्द अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण करना है। यह कैंपेन 31 अगस्त और एक सितंबर को पूरे बिहार में चलाया जाएगा। उक्त तिथि को प्रत्येक पंचायत में प्रात: सात बजे से टीकाकरण प्रारंभ किया जाएगा। सांसद ने कहा कि इस अभियान के तहत पूरे बिहार में 25 लाख लोगों को टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें दरभंगा जिले में लगभग एक लाख लोगों को एक दिन में टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। सांसद ने कहा कि जिले में टीकाकरण अभियान में तेजी लाकर जल्द से जल्द सभी लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि 23 अगस्त तक जिले में लगभग 13 लाख लोगों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। सांसद ने कहा कि भारत सरकार भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य को लेकर काफी सजग है। इसी के तहत पीएम केयर फंड से देशभर में कुल 1222 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी कार्य एवं परिश्रम का ही परिणाम है कि भारत जैसे बड़े आबादी वाले देश में कोविड रोकथाम सफल हो सका है। आज देश में स्वदेशी वैक्सीन का उत्पादन किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सांसद के साथ डीएमसीएच प्राचार्य डॉ. केएन मिश्रा, अधीक्षक डॉ. मणि भूषण, डॉ. ओपी गिरी, डॉ. प्रभात कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

