Home Featured अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा दरभंगा एयरपोर्ट : मुख्यमंत्री।
Featured - मुख्य - August 31, 2021

अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा दरभंगा एयरपोर्ट : मुख्यमंत्री।

दरभंगा: दरभंगा जिले के लोगों को मुख्यमंत्री ने मंगलवार को एक साथ कई सौगात दिए। जिले के कुशेश्वरस्थान में बाढ़ पीड़ितों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री अचानक से सड़क मार्ग से जल संसाधन सह सूचना जनसंपर्क विभाग के मंत्री संजय कुमार झा के साथ दरभंगा के लिए निकले। इससे पहले उन्होंने अपने हेलीकॉप्टर को दरभंगा एयरपोर्ट पर भेज दिया। सड़क मार्ग से आने के दौरान उन्होंने स्टेट हाईवे-56 की हालत देखी। जर्कलेस सड़क पर ट्रैफिक को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल विभाग के प्रधान सचिव को गाड़ी से ही फोन किया। फोन पर इस सड़क की चौड़ाई सात से बढ़ाकर दस मीटर करने का आदेश दिया। रास्ते में सकरी के पास दहौड़ा-बहेड़ा की ओर जाने के दौरान टूटी सड़क की मरम्मत का काम बुधवार से ही शुरू करने को कहा।

मुख्यमंत्री के साथ चल रहे मंत्री संजय कुमार झा ने बताया कि मुख्यमंत्री दरभंगा के विकास को लेकर आरंभ से ही बेहद गंभीर रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को एसएच-56 की चौड़ाई डेढ़ गुना बढ़ाने का आदेश दे दिया है। साथ बीच में टूटी सड़क की मरम्मत का काम भी बुधवार से शुरू हो जाएगा। इसके लिए पटना से तकनीकी विशेषज्ञों की टीम सीधे कार्यस्थल पर पहुंचेगी और काम शुरू होगा।

मंत्री ने बताया कि सड़क की चौड़ीकरण व मरम्मत कार्य का आदेश देते हुए मुख्यमंत्री सीधे दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने एयरपोर्ट की चहारदीवारी व परिसर की सुरक्षा के लिए जल संसाधन विभाग की ओर से किए गए कार्यों को देखा। साथ ही कहा कि दरभंगा हवाई अड्डा को अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बनाने के लिए राज्य सरकार सतत प्रयत्नशील है। उन्होंने यहां की चहारदीवारी को ऊंचा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि एयरपोर्ट के सुरक्षात्मक कार्यों को तत्काल पूरा कर लिया जाना है। इसके लिए राशि पहले से आवंटित की जा चुकी है। वहीं जमीन अधिग्रहण की बाबत मंत्री ने बताया कि पहले से ही सरकार ने पूर्व के प्रस्ताव के अनुरूप 31 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए राशि आवंटित कर दी है। अब नए सिविल एनक्लेव का निर्माण अंतरराष्ट्रीय मानकों को केंद्र में रखकर कराया जाना है सो अब 31 एकड़ की जगह 78 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। इसके लिए सरकार शीघ्र ही कैबिनेट की बैठक कर शेष जमीन के लिए भी राशि स्वीकृत करेगी। मुख्यमंत्री जी दरभंगा एयरपोर्ट के विकास को लेकर सतत प्रयत्नशील रहे हैं। अब वह दिन दूर नहीं जब दरभंगा एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनकर पूरी दुनिया में उभरेगा।

Share