
कुशेश्वरस्थान में कोशी-कमला के कहर पर लगेगा लगाम, लगाए जाएंगे एंटी फ्लड स्लूस गेट।
दरभंगा: दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान में सालों से कहर बरपानेवाली कोसी, कमला और कमला बलान तीनों नदियों के पानी का प्रवाह व्यवस्थित तरीके से होगा। इसके लिए जल संसाधन विभाग बाढ़ प्रभावित इलाके में अत्याधुनिक तकनीक से तटबंध का निर्माण कराएगा। चिन्हित स्थानों पर एंटी फ्लड स्लूस गेट लगाए जाएंगे।
इसी के साथ तीनों नदियों के कारण इलाके के लोगों में होनेवाले शोक और संताप का अंत हो जाएगा। उपरोक्त बातें दरभंगा के कुशेश्वरस्थान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर लोगों की समस्याओं को जानने पहुंचे सूबे के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने कही। उन्होंने बताया कि बाढ़ को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बेहद गंभीर हैं। उन्होंने इससे पहले भी कई बार बाढ़ प्रभावित इलाके का हवाई सर्वेक्षण किया था। इस बार उन्होंने जमीनी स्तर पर मोटरबोट से प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। लोगों की समस्याएं जानी।
निरीक्षण के क्रम में ही मुख्यमंत्री जी ने कुशेश्वरस्थान के लोगों को बाढ़ के पानी में छह महीने तक घिरे रहने की समस्या से निजात दिलाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इस दिशा में विभाग पहले से काम कर रहा है। आगे विस्तृत कार्य योजना पर काम किया जाना है। इसके तहत तकनीकी एक्सपर्ट की राय के आधार पर इस बार तीनों नदियों से प्रभावित इलाके में अत्याधुनिक तकनीक से तटबंधों का निर्माण कराया जाएगा। तटबंधों के निर्माण में ऐसी नवीन तकनीक का प्रयोग किया जाएगा, ताकि पानी के अत्यधिक दबाव में भी वो सुरक्षित रह सके। जल निकासी के लिए चिन्हित (ज्यादा दबाव वाले स्थान) स्थानों पर एंटी फ्लड स्लूस गेट लगाए जाएंगे। एंटी फ्लड स्लूस गेट लग जाने के बाद बाढ़ की स्थिति में पानी की धारा को नियंत्रित किया जा सकेगा। इस काम को विभाग शीघ्र पूरा करेगा। ताकि निकट भविष्य में इलाके के लोगों को फ्लड वाटर (बाढ़ के पानी) से मुक्ति मिल जाए। लोग रेन वाटर (बारिश के पानी) का आनंद ले सकें। मंत्री ने स्पष्ट किया कि चूंकि दरभंगा से मुख्यमंत्री जी का गहरा लगाव है और यह मेरी कर्मभूमि है सो यहां के लोगों के सामने सालों से कायम बाढ़ की समस्या का अंत शीघ्र किया जाए इस दिशा में काम समय से पहले पूरे करा लिए जाएंगे।
यहां बता दें कि इससे पहले जल संसाधन मंत्री ने स्वयं भी बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा मोटरबोट से किया था। लोगों का हाल जाना था। उसी समय से कयास लगाए जा रहे थे कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री प्रभावित इलाके का दौरा करेंगे। मंगलवार को हुए निरीक्षण के बाद उम्मीद जगी है कि शीघ्र ही लोगों को बाढ़ की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। काफी हद तक तीनों नदियों का पानी सरकार की नई योजना के पूरी तरह से लागू हो जाने के बाद नियंत्रित हो जाएगा। –

