
दरभंगा जंक्शन पर पार्किंग स्टैंड बन्द रहने से यात्रियों के वाहनों की सुरक्षा भगवान भरोसे।
देखिये वीडियो भी।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: नेताओं एवं अधिकारियों द्वारा घोषणाओं की बात करें तो दरभंगा जंक्शन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के वादे भी सुनायी दे सकतें है। हो सकता है कि सुविधाओं के विस्तार केलिए जनप्रतिनिधियों द्वारा किसी बड़े अधिकारी या मंत्री को ज्ञापन सौंपते तस्वीरें भी दिख जाए। पर हकीकत में प्रमंडलीय मुख्यालय के इस महत्वपूर्ण जंक्शन पर मूलभूत सुविधाओं का भी घोर अभाव दिखता है।
दरभंगा जंक्शन पर दूरदराज से अपने निजी दो पहिया वाहनों से आने वाले यात्रियों केलिए इन दिनों पार्किंग स्टैंड का बन्द होना बड़ी समस्या बनकर उभरा है। टिकट बुक करवाने अथवा आसपास के स्टेशनों की नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को पार्किंग स्टैंड में बाइक लगाकर जाने की सशुल्क सुविधा थी। स्टैंड के केयर टेकर उनके वाहन का ख्याल रखते थे। परंतु गत 26 जून को पार्किंग स्टैंड के ठेका का समय समाप्त हो जाने के बाद अभी तक स्टैंड बन्द ही है। यहां कोई भी निशुल्क अपने वाहन लगा
सकता है। पर उनके वाहन की सुरक्षा की कोई गारंटी नही है। यदि कोई टिकट बुकिंग केलिए भी आये तो उन्हें एक व्यक्ति को बाइक के पास खड़ा कर जाते भी देखा जाता है। दरभंगा में बाइक चोरी की बढ़ती वारदातें आये दिन सुर्खियों में रहती ही है।
ऐसे में एक बड़ा प्रश्न कि दो महीने से अधिक बीत जाने पर भी अभीतक पार्किंग स्टैंड का ठेका क्यों नही हो सका! छोटी सी भी उपलब्धि मिले तो उसका श्रेय लेने की होड़ लग जाती है। पर यात्रियों को होने वाले इस परेशानी की जिम्मेवारी आखिर कौन लेगा!
बताते चलें कि दरभंगा के वर्तमान सांसद खुद रेलवे स्टैंडिंग कमिटी के सदस्य भी हैं और लगातार दरभंगा में रेलवे सुविधा विस्तार हेतु ज्ञापन अधिकारियों एवं मंत्रियों को देते हुए तस्वीरें भी सोशल मीडिया एवं मीडिया में देते रहते हैं। ऐसे में अब पार्किंग स्टैंड चालू करवाने का ज्ञापन कब और किसे देते हैं, यह भी देखने वाली बात होगी।

