
15 सितंबर तक बढ़ायी गयी इग्नू में नामांकन की तिथि।
दरभंगा: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की ओर से जुलाई 2021 सत्र में सभी पाठ्यक्रमों के लिए आगामी 15 सितंबर तक ऑनलाइन नामांकन व पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी गई है। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, दरभंगा के वरीय क्षेत्रीय निदेशक डॉ. शंभु शरण सिंह ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि समर्थ पोर्टल के माध्यम से पुन: ऑनलाइन पंजीकरण एवं नामांकन फॉर्म जमा करने की तिथि बढ़ाई गई है। छात्र-छात्राएं इग्नू की वेबसाइट पर जाकर सभी कार्यक्रमों में विषयों का चयन कर ऑनलाइन नामांकन करवा सकते हैं। छात्र-छात्राएं छह माह के सर्टिफिकेट, एक वर्षीय डिप्लोमा, तीन वर्षीय स्नातक एवं दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन नामांकन ले सकते हैं। साथ ही अनुसूचित जाति-जनजाति के छात्रों को बीएजी, बीकॉमजी, बीएससीजी के अतिरिक्त डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र आदि कुल 84 कार्यक्रमों में नि:शुल्क नामांकन दिया जा रहा है। इसमें बहुत से ऐसे कार्यक्रम भी हैं जिनके करने से छात्रों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के सुनहरे अवसर प्राप्त होंगे। जो छात्र-छात्राएं अभी तक किसी कारणवश नामांकन नहीं कराए हैं वे इस बढ़ी हुई तिथि का लाभ उठा सकते हैं।

