
रुक नही रही बन्द घरों में चोरी, फिर चिकित्सक के घर हुई चोरी।
दरभंगा: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद स्थित मुकुंदी चौधरी हाईस्कूल के सामने अवस्थित डॉ. नागमणि वर्मा के बंद घर को निशाना बनाकर उचक्कों ने 25 हजार नगद सहित एक लाख से अधिक की संपत्ति उड़ा ली। डॉ. वर्मा घर में ताला लगाकर परिवार के साथ दिल्ली गए हुए थे।
मकान स्व. अटल बिहारी वर्मा का है। इसी घर में उनके तीन पुत्रों का आवास है। एक पुत्र डॉ. नागमणि वर्मा चिकित्सक व दूसरे रतन वर्मा व्यवसायी हैं। एक पुत्र पारसनाथ वर्मा दिल्ली में पुलिस अधिकारी हैं। एक सप्ताह पूर्व डॉ. नागमणि वर्मा छोटे भाई रतन वर्मा के साथ सपरिवार इलाज के लिए दिल्ली गए थे। जाने से पूर्व वे अपने ड्राइवर को घर में सोने का कह गए थे।
बताया जाता है कि बाढ़ का पानी घर में घुस जाने के कारण ड्राइवर रात को वहां सोने नहीं आ सका। मौके का फायदा उठाते हुए उचक्कों ने घर का ताला तोड़कर हाथ साफ कर लिया। शुक्रवार की सुबह पहुंचने पर ड्राइवर ने
चिकित्सक के घर का ताला टूटा देखा। उसने पड़ोसियों की इसकी जानकारी दी। अंदर जाने पर कमरे में सभी आलमीरा और लॉकर के ताले टूटे हुए थे। पड़ोसियों की ओर से सूचना दिये जाने पर विश्वविद्यालय थाने की पुलिस वहां पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि गृहस्वामी के मौजूद नहीं रहने के कारण चोरी हुए सामान का सही ब्योरा नहीं मिल पाया है। रतन वर्मा ने बताया कि रविवार को उनके बड़े भाई दरभंगा पहुंचेंगे। वहीं दूसरी ओर सूचना मिलने पर डॉ. वर्मा की बेटी व दामाद भी वहां पहुंचे।

